एसपी की कलाई पर सजाई राखी,रक्षासूत्र से बंधा पुलिस-पब्लिक का भरोसा

  रक्षासूत्र से बंधा पुलिस-पब्लिक का भरोसा
– छात्राओं ने एसपी की कलाई पर सजाई राखी
फोटो परिचय- (2) एसपी की कलाई पर राखी बांधती छात्राएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले गुरुवार को पुलिस कार्यालय में उस समय माहौल भावुक और आत्मीय हो गया, जब स्कूली छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की कलाई पर राखी बांधकर पुलिस और समाज के बीच सुरक्षा व विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने का संदेश दिया। छात्राओं ने एसपी को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य व यश की कामना की।

गुरूवार को शिक्षकगण एवं छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचा और पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट की। रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं ने एसपी की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। छात्राओं ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात आमजन की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के प्रति सम्मान और विश्वास जताने के लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया है।

छात्राओं के इस आत्मीय प्रयास की पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सराहना की। उन्होंने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी परेशानी की स्थिति में उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। मिशन शक्ति के तहत एसपी ने छात्राओं को सुरक्षा का मंत्र भी दिया।

उन्होंने बालिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 1098 की जानकारी दी और किसी भी संकट या परेशानी में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी छात्राओं को सतर्क किया।

उन्होंने अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल, मैसेज और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सावधानी बरतने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *