आज कुंडेश्वर धाम में उमड़ेगी आस्था, सुरक्षा के इंतजाम

  आज कुंडेश्वर धाम में उमड़ेगी आस्था, सुरक्षा के इंतजाम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। श्रावण मास के पहले सोमवार को क्षेत्र के मझिलगांव स्थित प्रसिद्ध कुंडेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए आसपास के गांवों, कस्बों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्तों का आगमन भोर से ही शुरू हो जाएगा। मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों के अनुसार हजारों की संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए बाबा के दर्शन व पूजन के लिए पहुंचेंगे।


गांव के पूर्व प्रधान ओमचंद्र मिश्रा और वर्तमान प्रधान मुन्ना सिंह ने बताया कि कुंडेश्वर धाम की विशेष मान्यता है। यहां भगवान शिव अपने तीन स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देते हैं, जिसके कारण यह धाम क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के समीप दुर्लभ औषधीय गुणों वाली रुद्रवंती वनस्पति भी पाई जाती है। स्थानीय निवासी पूर्व महामंत्री प्रयागराज विश्व विद्यालय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंशुमान मिश्रा का मानना है कि यह औषधि विशेष रूप से पेट संबंधी विकारों समेत कई रोगों में लाभकारी सिद्ध होती है, जिसके चलते श्रद्धालुओं की आस्था इससे भी जुड़ी हुई है। श्रावण के पहले सोमवार को जलाभिषेक के लिए आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नौबस्ता रोड से मंदिर तक का मार्ग वन-वे घोषित किया गया है। इससे भक्तों को बिना किसी बाधा के मंदिर तक पहुंचने और जलाभिषेक करने में आसानी होगी। प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुल्तानपुर घोष, हथगाम, खागा और किशनपुर थाना क्षेत्रों की पुलिस को विशेष रूप से तैनात किया गया है। पुलिस कर्मी मार्गों पर लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहेंगे। क्षेत्राधिकारी रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि सर्किल के सभी थानों की पुलिस फोर्स वन-वे मार्ग, हाईवे और मंदिर परिसर तक तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और शांतिपूर्ण जलाभिषेक प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *