नगर भ्रमण के दौरान उमड़ा आस्था का सैलाब, झांकियों ने मोहा मन

 गणेश पूजा महोत्सव में निकली भगवान गणेश की शाही सवारी
– नगर भ्रमण के दौरान उमड़ा आस्था का सैलाब, झांकियों ने मोहा मन
फोटो परिचय- भगवान गणेश की शाही सवारी में शामिल श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत के रामलीला मैदान में जय श्री गणेश युवा समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान बीती रात भगवान श्री गणेश की भव्य शाही सवारी निकाली गई। गणेश भगवान को आकर्षक ढंग से सजी पालकी में विराजमान कराकर गाजे-बाजे और भक्तिमय वातावरण के बीच नगर भ्रमण कराया गया।

शाही सवारी जैसे ही रामलीला मैदान से रवाना हुई, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। डीजे व बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते नगर भ्रमण में शामिल हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शाही सवारी का स्वागत किया और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शाही सवारी में विभिन्न धार्मिक एवं देशभक्ति से जुड़ी आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण, मां काली, बजरंगबली, कृष्ण-सुदामा सहित देशभक्ति की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बच्चों में भी झांकियों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शाही सवारी में कस्बे के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें भी श्रद्धा के साथ शोभा यात्रा में शामिल रहीं। भक्तिमय गीतों व जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया। शाही सवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस बल मौजूद रहा। इस मौके पर धीरेन्द्र केसरवानी, आशीष कुमार पाण्डेय, बीरेंद्र केसरवानी, सौरभ सिंह, सुनील केसरवानी, शिवम केसरवानी, आकाश सिंह चंदेल, संतोष सिंह, सिद्धार्थ कुमार सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गणेश पूजा महोत्सव को लेकर पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *