चार करोड़ की ठगी का आरोप, सुनार फरार, ग्रामीणों में मचा हाहाकार

  चार करोड़ की ठगी का आरोप, सुनार फरार
पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों में मचा हाहाकार
– आठ साल तक भरोसा जीतकर जमा करता रहा जेवर-नकदी
फोटो परिचय-  हाथ में तहरीर लेकर विरोध दर्ज कराते पीड़ित ग्रामीण।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिले में भरोसे के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथरकटा निवासी दशरथ सोनी पर पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों से करीब चार करोड़ रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। करीब आठ वर्षों से बिसौली चौराहे पर सोनारी की दुकान चलाने वाला दशरथ ग्रामीणों के बीच इस कदर विश्वास बना चुका था कि लोग उसके पास बेझिझक अपने सोने-चांदी के जेवर और रकम जमा करते थे। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह बड़ी रकम समेटकर फरार हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक दशरथ सोनी दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण बेचने के साथ पुराने जेवर खरीदने और गिरो-गांठ का काम भी करता था। वह आसपास के गांवों में घूम-घूमकर भी लोगों से लेनदेन करता था। पिछले करीब 15 दिनों से अचानक उसका कोई पता नहीं है। दुकान पर ताला लगा है और मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो उसके फरार होने की जानकारी सामने आई। मामला खुलने के बाद पीड़ितों में हड़कंप मच गया। बुधवार को दो दर्जन से अधिक पीड़ित सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों में पूनम देवी निवासी बैरी गोविंदपुर थाना मलवां, इंदल, परमा का पुरवा निवासी रामलाल, कामता, सुकेती के चंद्रसेन, प्रेम, मिथलेश कुमार, रोहित, वीरेंद्र कुमार, मेघनाथ, कमलेश और सुधवा निवासी सुनील समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों से शिकायती पत्र प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *