पेट्रोल पंप से दो बार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कार सहित 70 लीटर पेट्रोल बरामद
पेट्रोल पंप से दो बार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कार सहित 70 लीटर पेट्रोल बरामद
पेट्रोल पंप से दो बार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कार सहित 70 लीटर पेट्रोल बरामद
बांदा। जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से पेट्रोल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 70 लीटर चोरी का पेट्रोल, चार प्लास्टिक की पिपिया और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, कस्बा ओरन निवासी हिमांशु ने 14/15 नवंबर की रात थाना बिसंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ओरन-बिसंडा मार्ग स्थित एचपीसीएल के मां त्रिलोचनी फिलिंग स्टेशन से 24 सितंबर और 6 नवंबर को दो अलग-अलग मौकों पर पेट्रोल चोरी किया गया था। आरोप है कि चोर ने पेट्रोल पंप की मशीन खुद संचालित कर तेल निकाला था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान 15 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध चारपहिया वाहन से सिंहपुर की ओर से ओरन आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने सिंहपुर रोड स्थित विशाल पुरवा मोड़ के पास घेराबंदी कर श्यामराज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पेट्रोल पंप से दो बार पेट्रोल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पिपियों में भरा करीब 70 लीटर पेट्रोल, एक खाली सफेद पिपिया और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद मारुति कार बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्यामराज पुत्र शिरोमन निवासी बारामाफी, थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 497/26 के तहत धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया।