किशोरियों ने चुप्पी तोड़ने का लिया संकल्प, हिंसा के खिलाफ उठाई आवाज

     किशोरियों ने चुप्पी तोड़ने का लिया संकल्प, हिंसा के खिलाफ उठाई आवाज
– निशान वेलफेयर सोसाइटी के प्रशिक्षण में लैंगिक भेदभाव, अधिकारों के प्रति किया जागरूक
फोटो परिचय-  निशान वेलफेयर सोसाइटी के प्रशिक्षण में भाग लेतीं किशोरियां।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। लैंगिक भेदभाव व हिंसा के खिलाफ किशोरियों को जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से निशान वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दस व ग्यारह अक्टूबर को सनगांव पंचायत भवन में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तीस किशोरियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान किशोरियों को उनके अधिकारों, हिंसा की पहचान, बचाव के उपायों और जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी किशोरियों ने हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और पीड़ितों का साथ देने का संकल्प लिया।

प्रशिक्षिका मानसी ने किशोरियों को सुनो, पहचानो और जोड़ो की अवधारणा के माध्यम से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि हिंसा या भेदभाव का सामना कर रही किशोरी की बात संवेदनशीलता के साथ सुनना, हिंसा के संकेतों को पहचानना और उसे उचित सहायता एवं संबंधित सेवाओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने किशोरियों को अन्याय के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर सही मंच पर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान घरेलू हिंसा, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न, लैंगिक असमानता, किशोरियों के अधिकारों व हिंसा से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी देकर जरूरत के समय इनका उपयोग करने के बारे में बताया गया। समापन पर किशोरियों ने एक स्वर में कहा कि वे अपने आसपास होने वाली हिंसा व भेदभाव के मामलों में चुप नहीं रहेंगी। वे पीड़ितों का साथ देंगी, जरूरतमंदों को सहायता लेने के लिए प्रेरित करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेंगी। इस अवसर पर सोसाइटी की प्रबंधक रुबीना, परियोजना समन्वयक तूबा, अल्ताशा परवीन, राबिया खातून सहित संस्था की टीम के सदस्यों ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *