ओटीपी साझा न करने व अनजान लिंक से दूर रहने की दी सलाह
ओटीपी साझा न करने व अनजान लिंक से दूर रहने की दी सलाह
प्रशिक्षण में साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
– ओटीपी साझा न करने व अनजान लिंक से दूर रहने की दी सलाह
फोटो परिचय- प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेतीं महिलाएं। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निशान वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में ग्राम पंचायत सनगांव, सूपा, तेलियानी में 14 एवं 15 नवंबर को दो दिवसीय डिजिटल साइबर क्राइम प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में महिलाओं, युवतियों एवं युवाओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के मुख्य प्रशिक्षक नवनीत श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ओटीपी ठगी, फर्जी लिंक, लॉटरी का लालच, फेसबुक और व्हाट्सएप हैकिंग तथा फर्जी फोटो के माध्यम से ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें, क्योंकि बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी नहीं मांगता।
अनजान लिंक पर क्लिक करने और फर्जी कॉल के झांसे में आने से बचें। अपने मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड मजबूत रखें तथा टू-स्टेप वेरिफिकेशन की सुविधा अवश्य चालू करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा पुलिस हेल्पलाइन 112 और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नवनीत श्रीवास्तव ने कहा कि अपना फोन हमारी जिम्मेदारी है और उसकी सुरक्षा भी हमारी ही जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सतर्कता हमें बड़े साइबर नुकसान से बचा सकती है। कार्यक्रम में संस्था की प्रबंधक रूबीना, पीसी तूबा अकील, मोबिलाइजर अल्तशा परवीन, सलाहुद्दीन एवं राबिया ने भी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही उनके सवालों के जवाब देकर साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक तरीके समझाए।