रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने तीस कुंतल दूषित मिठाई कराई नष्ट

  रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने तीस कुंतल दूषित मिठाई कराई नष्ट
– मिठाई कारखाने में गंदगी के बीच हो रहा था उत्पादन
– 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज; सुधार होने तक कारखाना बंद
फोटो परिचय- दूषित मिठाई नष्ट कराती खाद्य विभाग की टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सतनरैनी स्थित मिठाई निर्माण कारखाने में छापा मारकर करीब 30 कुंतल दूषित मिठाइयों को नष्ट कराया। साथ ही 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद आवश्यक सुधार होने तक कारखाने को बंद करा दिया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने बबलू पुत्र थान सिंह द्वारा संचालित मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिल्क केक, बर्फी और छेना रसगुल्ला का निर्माण होता मिला। मिठाइयों के निर्माण में दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी का प्रयोग किया जा रहा था। गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। कार्रवाई के दौरान कारखाने में तैयार करीब 10 कुंतल दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा रक्षाबंधन के पर्व पर दुकानदारों को बिक्री के लिए पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज, कोडरपुर में भंडारित इसी कारखाने में निर्मित करीब 20 कुंतल दूषित मिठाइयों को भी नष्ट कराया गया। इस तरह विभागीय कार्रवाई में कुल 30 कुंतल मिठाइयों का निस्तारण कराया गया। खाद्य विभाग ने कारखाना संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक आवश्यक सुधार नहीं किए जाते, तब तक कारखाने का संचालन बंद रहेगा। वहीं 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह भी मौजूद रहे। खाद्य विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चन्द्र एवं देवेश मिश्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *