जेसीबी से जमीन पर कब्जे का आरोप, धमकी देने की शिकायत

     जेसीबी से जमीन पर कब्जे का आरोप, धमकी देने की शिकायत
– पीड़ित ने डीएम को दिया शिकायती पत्र, लगाई न्याय की गुहार
फोटो परिचय-  डीएम को शिकायती पत्र देने जाता पीड़ित एवं कब्जे के लिए प्लाट पर खड़ी जेसीबी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जहानाबाद कस्बे के वार्ड नंबर-15 लाला गली निवासी मो. इसराईल ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जेसीबी मशीन, कारीगर व मजदूर लेकर उसके मकान के सामने स्थित प्लाट में घुस आए और फर्श तोड़कर पिलर खोदने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करने और जमीन पर कब्जे से रोकने की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में मो. इसराईल पुत्र स्व. जुम्मन ने बताया कि उसका मकान करीब 40 वर्ष पुराना है और उसके पिता के जीवनकाल से ही परिवार वहां निवास करता चला आ रहा है। उसके मकान के सामने स्थित करीब बीस बाई पचास फुट के प्लाट पर भी उसके पिता के समय से उनका कब्जा व दखल है। शिकायतकर्ता के अनुसार प्लाट में पक्की सीमेंट की फर्श और चारों तरफ करीब आठ फुट ऊंची पक्की दीवारें हैं। इसी परिसर में वह छप्पर डालकर खाना बनाने-खाने, बकरियां बांधने, ई-रिक्शा खड़ा करने, लकड़ी व कंडा रखने आदि का काम करता है। 18 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला चंदा गली निवासी मो. सफी, इदरीश, रईस, नफीस, शाहनवाज, मोहसिन, आरिफ उर्फ राका, साजिद, राशिद और परवेज उर्फ मोनू समेत कई लोग स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ कारीगर, मजदूर व जेसीबी मशीन भी थी। सभी लोग शिकायतकर्ता के प्लाट के अंदर घुस गए और जेसीबी से फर्श तोड़कर पिलर के लिए खुदाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी उस समय वहां से चले गए और कथित तौर पर दो-चार दिन बाद दोबारा आकर जमीन पर कब्जा करने की बात कही। 20 जुलाई को सुबह करीब आठ बजे उक्त लोग दोबारा जमीन पर पहुंचे और कब्जे का प्रयास करने लगे। इस दौरान भी मोहल्ले के लोगों के पहुंचने पर वे वापस चले गए। थाना जहानाबाद के प्रभारी को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, उसकी जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा किए जाने से रोकने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *