रचनात्मकता के साथ भारतीय संस्कारों से जुड़ने का दिया संदेश,सजा एम्बिशन स्कूल

  राखियों के रंग व मेहंदी की खुशबू से सजा एम्बिशन स्कूल
रचनात्मकता के साथ भारतीय संस्कारों से जुड़ने का दिया संदेश
फोटो परिचय- मेंहदी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं छात्राएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर के शांतीनगर स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। रंग-बिरंगी राखियों और आकर्षक मेहंदी डिजाइनों से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कला-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

राखी मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों, मोतियों और सजावटी सामग्री का प्रयोग कर खूबसूरत एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने हाथों पर मनमोहक डिजाइन उकेरकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। अपने हुनर को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की होड़ में बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली। विद्यालय के प्रबंधक दिलशाद अहमद एवं प्रधानाचार्य आरती सोनी ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के अंदर छिपी रचनात्मक क्षमता को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं।

साथ ही इन आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पूजा सोनी, शगुफ्ता परवीन, समाना जहरा, जैस्मिन बेगम, श्रेया यादव, अनामिका विश्वकर्मा, हिना परवीन, नूर शिफा, पूजा गौतम एवं सय्यद अदनान समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *