पट्टे की जमीन पर कब्जे की आशंका, ग्रामीणों ने सीएम से मांगा न्याय
पट्टे की जमीन पर कब्जे की आशंका, ग्रामीणों ने सीएम से मांगा न्याय
पट्टे की जमीन पर कब्जे की आशंका, ग्रामीणों ने सीएम से मांगा न्याय
– न्यायालय से पट्टा निरस्तीकरण का वाद खारिज होने के बाद भी कब्जे की कोशिश का आरोप
फोटो परिचय- डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े पीड़ित। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के ग्राम संग्रामपुर सानी में पट्टे की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जमीन पर जबरन कब्जे की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी भूमि की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में गुलजारी लाल सहित अन्य प्रार्थीगणों ने बताया कि उनके बाबा गोकुल पुत्र मातादीन के नाम 29 जनवरी 1976 को जमीन का पट्टा हुआ था। उनके निधन के बाद ग्राम संग्रामपुर सानी की खाता संख्या 0085, गाटा संख्या 464, रकबा 0.0230 हेक्टेयर भूमि पर प्रार्थीगणों का नाम खतौनी में संक्रमणीय भूमिधर के रूप में दर्ज है। आरोप है कि नेशनल हाईवे से लगी बेशकीमती जमीन होने के कारण गांव के भीम सिंह पुत्र बैजनाथ ने पट्टा निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में वाद दाखिल किया था। अपर न्यायिक जिलाधिकारी ने 15 सितंबर 2026 को आदेश पारित करते हुए वादी भीम सिंह का वाद निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद अब उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक जमीन पर उनकी ईंट की दीवार व मवेशियों के लिए चरही भी बनी हुई है। वह गरीब मजदूर परिवार से हैं, जबकि विपक्षी को प्रभावशाली बताते हुए आरोप लगाया है कि उनके द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की आशंका है। इससे परिवार के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि गाटा संख्या 464 की भूमि पर अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए और राजस्व व पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें उनकी जमीन पर कब्जा दिलाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। इस मौके पर गुलजारी लाल, सुमित्रा, फूलमती, विनोद व मनोज मौजूद रहे।