आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
– वेतन से लेकर पीएफ तक के भुगतान की मांग, ईओ को सौंपा मांग पत्र
फोटो परिचय- नगर पालिका परिसर में प्रदर्शन करते आउटसोर्सिंग कर्मचारी। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग व संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार की अगुवई में कर्मियों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को मांग पत्र देकर कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
मांग पत्र में कहा गया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी कोरोना काल से लेकर विभिन्न त्योहारों तक विषम परिस्थितियों में पूरी ईमानदारी और कर्मठता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मांग किया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सभी कर्मचारियों को वेतन पर्ची और नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने के साथ बीमा एवं ईएसआई कार्ड बनवाए जाएं। संबंधित ठेकेदार पर कर्मचारियों के पीएफ का लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए बकाया भविष्य निधि जमा कराने और उसका पूरा विवरण कर्मचारियों को देने की मांग की। साथ ही संविदा कर्मचारियों के बकाया पीएफ का भुगतान कराने पर भी जोर दिया। मांग पत्र में कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और चिकित्सकीय सुरक्षा उपलब्ध कराने, साप्ताहिक अवकाश देने तथा शासन की ओर से निर्धारित अवकाश का लाभ दिलाने की मांग भी शामिल है। धीरज कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन संबंधित ठेकेदारों के स्तर पर इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निराकरण कराने और उनके अधिकारों एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर गुड्डू पाल, राजबहादुर, गुलाब सिंह, राम, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, नीरज कुमार, आशीष कुमार, अशोक कुमार, गोलू, उमाकांत, अजित कुमार, कमलेश, सतोष, सूरज, राहुल, शिवम, राम सिंह, राजेश, विमलेश आदि मौजूद रहे।