भाजपा आईटी व सोशल मीडिया जिला संयोजक घोषित

 भाजपा आईटी व सोशल मीडिया जिला संयोजक घोषित
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। संगठनात्मक मजबूती को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष द्वारा आईटी व सोशल मीडिया जिला संयोजक घोषित किए गए। जिसमें अन्तुल अवस्थी व अक्षत त्रिपाठी को आईटी जिला संयोजक का दायित्व दिया गया। वहीं जिला सोशल मीडिया संयोजक के रूप में सिद्धार्थ दीक्षित व शरद श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि संगठनात्मक विषयों, गतिविधियों के साथ ही विचारों को प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचाने व मजबूती प्रदान करने को लेकर उक्त जिम्मेदारियों को कार्यकर्ताओं को नियुक्ति के साथ सौंपा गया है, जो पार्टी के केन्द्रीय,प्रान्त व क्षेत्रीय व जिला ईकाई के दिशा-निर्देश पर संगठन मजबूती पर कार्य करेंगे। उक्त आईटी व सोशल मीडिया जिला संयोजकों की नवीन दायित्व पर जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में इनका उपयोग बहुत ही जरूरी हो गया है, विपक्षियों के कुत्सित मानसिकता के स्थानीय भ्रामक विषयों पर उक्त टीम जरूरत पड़ने पर समय समय में स्पष्ट सार्थक जवाब आईटी व सोशल मीडिया द्वारा उसी प्लेटफॉर्म पर पारदर्शी तरीके से दिया जायेगा।
——————————————– 
 ट्रेन से कटकर किशोर की मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के सतनरैनी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पार करते समय 13 वर्षीय किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के टेनी गांव निवासी लल्लू का पुत्र शिवबाबू सोमवार की सुबह सतनरैनी स्टेशन टिकट लेने गया था। वापस लौटते समय जब वह रेलवे लाइन पार कर रहा था इसी बीच ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पाकर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
——————————————- 
  युवक का शव बरामद
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चुरियानी के समीप रविवार की शाम ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने 21 वर्षीय युवक का शव बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेजा है। जानकारी के अनुसार मलवां थाना क्षेत्र के भरसवां गांव निवासी छोटेलाल का पुत्र प्रमोद दस दिन पूर्व अपनी बहन की ससुराल चुरियानी गया था। बताते हैं कि रविवार की शाम गांव के समीप खेत में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक टीबी रोगी था। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में दिखाने के बाद उसने बाहर से दवा ली। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
——————————————- 
 महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, ससुर व पति पर आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम सुजानपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 27 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं पीड़िता के मुताबिक पति व ससुर ने उसे मारने-पीटने के बाद जहर खिलाया है।
जानकारी के अनुसार सुजानपुर गांव निवासी मुकेश की पत्नी सुधा देवी ने सोमवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां इलाज के दौरान पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी आठ मार्च 2026 को हुई थी। तब से मायके वाले ही राशन दे रहे थे। उसका पति बेरोजगार है। आए दिन ससुर विजय सिंह व पति रूपयों को लेकर मारपीट करते थे। आज दोनों ने मिलकर उसे पीटने के बाद जबरन जहर खिला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *