बीओएस में लगा शिविर, उमंग एप से निकासी तक समझाया

   बीओएस में लगा शिविर, उमंग एप से निकासी तक समझाया
– कर्मचारियों ने पूछीं पीएफ खाते की उलझनें, केवाईसी व निकासी संबंधी समस्याओं का समाधान
फोटो परिचय-  बीओएस के शिविर में भाग लेते विभागाध्यक्ष।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। पीएफ खाते में पैसा जमा होने के बाद उसकी निकासी कैसे होगी, केवाईसी कैसे अपडेट होगी और उमंग एप से कौन-कौन सी सुविधाएं मिल सकती हैं इन सवालों को लेकर कर्मचारियों की उलझन सोमवार को पक्का तालाब स्थित ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल में दूर हुई। भविष्य निधि कार्यालय कानपुर की ओर से लगाए गए शिविर में जिला नोडल अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने विभिन्न विभागों से पहुंचे कर्मचारियों को पीएफ से जुड़ी सुविधाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
शिविर में सीएमओ कार्यालय, श्रम विभाग, ग्राम रोजगार संस्थान समेत विभिन्न विभागों और संस्थानों के कर्मचारी पहुंचे। जिला नोडल अधिकारी ने उमंग एप के जरिए पीएफ संबंधी सेवाओं का इस्तेमाल करने, केवाईसी अपडेट कराने और खाते से धनराशि निकालने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के संबंध में भी कर्मचारियों को जानकारी दी। डिप्टी सीएमओ डॉ. एनएस शहाबुद्दीन समेत कर्मचारियों ने भी पीएफ खाते से संबंधित जानकारी ली। श्रम विभाग की लेबर इंफार्मेशन इंस्पेक्टर कीर्ति जैन ने भी पीएफ से संबंधित जानकारी ली। ग्राम रोजगार संस्थान के सदस्यों ने केवाईसी, उमंग एप और धनराशि निकासी से जुड़े सवाल पूछे। जिला नोडल अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संस्थानों से अपने कर्मचारियों को पीएफ से जोड़ने की अपील की, ताकि उन्हें भविष्य निधि की सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिविर में पहुंचे जिला नोडल अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता और सहायक नवीन शुक्ला का चेयरमैन सैयद वासिफ हुसैन ने स्वागत किया। इस दौरान वकील अहमद, ताहिर हुसैन, अरशद अंसारी, सूफिया अशफाक, फजल बाकरी, मोहम्मद अफजल, ताहिर हसन, शबीना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *