19 नवंबर से अभियान की शुरुआत, सभासद दवा सेवन के प्रति करेंगे जागरूक

 34 वार्डों में चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन जागरूकता अभियान
– 19 नवंबर से अभियान की शुरुआत, सभासद दवा सेवन के प्रति करेंगे जागरूक
फोटो परिचय- फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर आयोजित बैठक में भाग लेते चेयरमैन व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। नगर पालिका परिषद के सभागार में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए चेयरमैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर पालिका के सभी 34 वार्डों के सभासदों सहित संबंधित अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में फाइलेरिया से बचाव, रोकथाम और रोधी दवाओं के महत्व पर चर्चा करते हुए जनजागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार, पीसीआई इंडिया के डीओ शिवम पांडेय, नोडल अधिकारी साहबुद्दीन व एसएमसी शुभम रस्तोगी सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने वार्डों में लोगों को फाइलेरिया के संक्रमण, बचाव के उपायों और दवा सेवन के महत्व की जानकारी देने की अपील की। साथ ही बीमारी को लेकर लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर कर स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र नागरिकों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 नवंबर को नगर पालिका परिषद के सभी 34 वार्डों में अभियान का शुभारंभ संबंधित सभासद करेंगे। इसके माध्यम से वार्ड स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और आमजन के संयुक्त प्रयासों से ही फाइलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अभियान का उद्देश्य लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक कर फाइलेरिया उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *