कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता का दिया मंत्र, मिलेगी निःशुल्क कोचिंग

     कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता का दिया मंत्र
– सीएम अभ्युदय योजना से मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
– डीएम-एसपी ने लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित
फोटो परिचय-  डीएम व एसपी को बुके भेंटकर सम्मानित करतीं छात्राएं।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में स्कूली छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन एवं कोचिंग की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं को संघ लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित विभिन्न भर्ती बोर्डों की परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बताया गया। इसके अलावा जेईई मेन, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी जैसी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। छात्राओं को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम और परीक्षा की तैयारी की रणनीति से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने, निरंतर मेहनत करने और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बेहतर शैक्षिक एवं कैरियर अवसरों से जोड़कर उनके भविष्य को मजबूत बनाना रहा। मिशन शक्ति के मूल मंत्र नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के तहत छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया। इस दौरान छात्राओं को आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112, महिला उत्पीड़न से संबंधित सहायता के लिए वूमेन पावर लाइन-1090 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुरक्षा या साइबर अपराध की स्थिति में बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *