मोबाइल चोरी को लेकर दो पक्षो में मारपीट, आधा दर्जन जख्मी
मोबाइल चोरी को लेकर दो पक्षो में मारपीट, आधा दर्जन जख्मी
मोबाइल चोरी को लेकर दो पक्षो में मारपीट, आधा दर्जन जख्मी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के वर्मा चौराहे में शनिवार की शाम मोबाइल चोरी को लेकर दो पक्षो के बीच चले लाठी डन्डा व ईट पत्थर के दौरान दोनो पक्षो से आधा दर्जन लोग घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार वर्मा चौराहा निवासी सुक्खू का 18 वर्षीय पुत्र सुन्दर 25 वर्षीय पुत्र ललित 30 वर्षीय पुत्र आशीष व 50 वर्षीय पत्नी माया देवी तथा दूसरे पक्ष से स्व0 हरी प्रसाद का 56 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार गुप्ता व पत्नी सुनीता गुप्ता 50 वर्ष के बीच शनिवार की शाम मोबाइल चोरी को लेकर दोनो पक्षो के बीच विवाद शुरू हो गया। तभी देखते ही देखते बात इतनी बढ गयी की दोनो ओर से लाठी डन्डा व ईट पत्थर चलने लगे। जिससे एक पक्ष के सुन्दर ललित आशीष व मां माया घायल हो गये। जबकि दूसरे पक्ष से दम्पत्ति राजेश कुमार गुप्ता व पत्नी सुनीता गुप्ता घायल हो गयी। दोनो पक्ष इलाज के लिए जिला चिकित्सालय आये जहां इलाज के दौरान माया देवी ने बताया कि राजेश कुमार का पुत्र सुभाष ने उसके पुत्र ललित का मोबाइल छीन लिया था। जिसको लेकर पूर्व में कलेक्टरगंज पुलिस चौकी में तहरीर दी गयी थी। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि अपनी पत्नी के साथ घर में बैठा तभी सुन्दर व उसके परिवार ने उन पर हमला बोल दिया। हालाकि दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गयी है।
……………. पेड़ पर लटकता मिला युवक का शव, हड़कंप एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के गुखुरुवापुर गांव के समीप बाग में लगभग 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकते हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ठाकुर सिंह के बेटे डुलडुल सिंह के रूप में हुई है। गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए बाग की तरफ गई थीं। तभी उन्होंने जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। महिलाओं ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान उदयवीर सिंह को दी। बाद में पुलिस को सूचना गई दी गई। सूचना पाते ही इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पहली नजर में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है क्योंकि इस परिवार के साथ किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक के पिता ठाकुर सिंह ने बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा गुखुरुवापुर गांव के समीप शैलेन्द्र सिंह की सरिया-सीमेंट की दुकान पर पल्लेदारी का काम करता था। ठाकुर सिंह खुद मजदूरी करते हैं। मृतक तीन भाइयों में मंझिला था। सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस द्वारा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पेड़ से शव को लटकता हुआ देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के दादा रामचन्द्र ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
.………………………………………………………………………………. नाबालिग सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गाजीपुर पुलिस ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 103/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद किया। वहीं मामले में वांछित अभियुक्त सचिन पुत्र स्व. सर्वेश रैदास निवासी कस्बा व थाना गाजीपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिनाथ सिंह, कांस्टेबल अभिजीत पाण्डेय एवं महिला कांस्टेबल पूनम सिंह शामिल रहीं। —————————————– दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दबोचा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद की थाना किशनपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना किशनपुर में दर्ज मु0अ0सं0 47/2026, धारा 74/333/115(2)/351(3)/64(1) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सुरेन्द्र कुमार पुत्र राममिलन निषाद निवासी ग्राम मिहुंवापुर मौजा रायपुर भसरौल थाना किशनपुर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल आशुतोष, कांस्टेबल बृजेश कुमार मौर्य की अहम भूमिका रही। ——————————————– ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि – एनसीसी बटालियन में हुआ आयोजन एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। 60 यूपी बटालियन एनसीसी में ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सात मई से ध्वजारोहण के साथ की गई थी, जिसका समापन शनिवार को विशेष समारोह के रूप में हुआ। एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल बृजेश पठानिया ने देश के सशस्त्र बलों के उन वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कर्नल पठानिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ मनाने का मुख्य उद्देश्य सशस्त्र बलों के बहुमूल्य योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों और समाज को यह संदेश देना जरूरी है कि देश की सुरक्षा के लिए भारतीय सशस्त्र बल हर परिस्थिति में जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और सेना के प्रति सम्मान बढ़ता है। कार्यक्रम में विभिन्न आर्म्ड फोर्स से जुड़े भूतपूर्व सैनिक, अधिकारीगण, केंद्रीय व राज्य कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और वीर जवानों के योगदान को याद किया गया। ——————————————- मिर्जापुर में 15 व 16 मई को होगा ग्रीष्मकालीन शिविर – वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय व पुरानी पेंशन को लेकर होगी चर्चा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का ग्रीष्मकालीन शिविर आगामी 15 एवं 16 मई को मिर्जापुर जनपद स्थित शेम फोर्ड स्कूल में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस शिविर में प्रदेश भर के शिक्षक विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर मंथन करेंगे।
शिविर में मुख्य रूप से पुरानी पेंशन योजना बहाली, शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने व सरकारी विद्यालयों की देखरेख समाज को सौंपने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। शिक्षक संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर आगामी रणनीति भी तैयार की जाएगी। शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर यह है कि सम्मेलन में प्रतिभाग करने वाले शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को यात्रा अवधि सहित विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक उत्तर प्रदेश सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने सात मई को आदेश जारी किया है। संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकान्त पांडेय एवं जिला मंत्री विजय करन श्रीवास ने जनपद के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में प्रतिभाग करने की अपील की है। उनका कहना है कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। ————————————— डंपर की टक्कर से महिला की मौत, मासूम घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम साहूपुर के समीप शनिवार की भोर डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे 48 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं 6 वर्षीय मासूम घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम कंसाही गांव निवासी राकेश की 48 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी अपने पुत्र रोहित कुमार 25 वर्षीय व नाती कृष्णा पुत्र अनुज कुमार के साथ निमंत्रण पर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के साहूपुर गांव आये थे। बताते हैं कि भोर पहर लगभग 5 बजे वापस लौटते समय जैसे ही यह लोग गांव से कुछ दूर पहंुचे तभी पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं मासूम कृष्णा घायल हो गया वहीं रोहित कुमार हादसे में बाल-बाल बच गया। सूचना पर पाकर मौके में पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————– ट्रेन से कटकर युवक की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के सतनरैनी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ जाने से 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के अंचित पटाई गांव निवासी पितम्बर लाल का पुत्र सुनील कुमार घर से यह कहकर निकला कि वह अपनी मौसी आशा देवी के यहां बसवा गांव जा रहा है। तभी सतनरैनी के समीप रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ जाने से उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————- किशोरी ने किया जान देने का प्रयास एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलांव में शनिवार की सुबह मां की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने जान देने के इरादे से धतूरा खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार मलांव गांव निवासी संतोष की पुत्री शशिदेवी को उसकी मां श्री देवी ने किसी बात को लेकर डांट डपट दिया। जिसको लेकर किशोर ने धतूरा खा लिया। जब उसकी हालत बिगडने लगी तो परिजनो ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।