ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में दवा बाजार की बंदी कल
ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में दवा बाजार की बंदी कल
ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में दवा बाजार की बंदी कल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसियेशन पंजीकृत ने बुधवार बीस मई को खागा तहसील क्षेत्र में दवा व्यापार बंद रखने का ऐलान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर दवा व्यापारियों से बंदी को सफल बनाने की अपील की।
उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा के समर्थन के बाद एसोसियेशन के अध्यक्ष सुमित रस्तोगी ने कहा कि ऑनलाइन दवा व्यापार से पारंपरिक दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। इससे छोटे दवा व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महासचिव राजेश सोनी ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को जनपद की सभी दवा दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने सभी दवा व्यापारियों से एकजुट होकर बंदी को सफल बनाने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेन्द्र श्रीवास्तव, संजय सोनी, अनिल साहू, अजीत सिंह, राहुल, गगन अग्रवाल, राजा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए बंदी का समर्थन किया। —————————————-
रियाज कालोनी में घायल मिला युवक
गुगल से लिया गया चित्र एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के रियाज कालोनी के समीप 26 वर्षीय युवक घायलावस्था में पड़ा था। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार शहर के वर्मा चौराहा गढीवा निवासी स्व0 रामबरन का पुत्र प्रदीप सोमवार की शाम लगभग 4 बजे रियाज कालोनी के समीप घायलावस्था में पड़ा था। जानकारी मिलने पर दादा सुरेश मौके में पहुंच घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना के बाबत जानकारी पूछने पर सुरेश ने बताया कि रियाज कालोनी में समीप घायलावस्था में पास पड़ा था। —————————————-
युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुकेती गांव निवासी जितेन्द्र कुमार पासवान (22) पुत्र श्यामलाल पासवान का विवाह 10 मई 2025 को नेहा पुत्री अनोखेलाल निवासी मटिहा थाना असोथर के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। उन्होंने बताया कि विवाद के चलते मामला पहले भी थाने तक पहुंच चुका था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी पक्ष के कुछ लोगों द्वारा जितेन्द्र को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, नेहा की मौसी के लड़के द्वारा भी युवक को परेशान किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि कानपुर में युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी तथा एक बार उस पर चाकू से हमला भी किया गया था, जिसके निशान उसके हाथ में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी अपने मायके मटिहा चली गई थी। इससे जितेन्द्र मानसिक तनाव में आ गया था। सोमवार सुबह वह गांव के बाहर स्थित एक बाग में पहुंचा और चितवन के पेड़ में मफलर के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार में बड़े भाई मनोज कुमार (28), मोहन कुमार (26), सोहन कुमार (24) तथा छोटा भाई दिलीप कुमार (20) हैं। युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।