आज आएंगे डिप्टी सीएम, अन्य लघु ख़बरों के साथ,,,

  आज आएंगे डिप्टी सीएम
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कल (आज) फतेहपुर आएंगे। डिप्टी सीएम सुबह 11.45 पर लामार्टीनियर ग्राउण्ड लखनऊ से हेलीपैड द्वारा पुलिस लाइन के हेलीपैड पहुंचेंगे। तत्पश्चात कार द्वारा लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचेगे। जहां 12.30 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव समेत पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद 01.35 बजे प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। 02.30 बजे वीआईपी रोड स्थित रामाडियन होटल जाएंगे। तत्पश्चात पुलिस लाइन के हेलीपैड से 03.30 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। यह जानकारी डिप्टी सीएम के निजी सचिव वीरेन्द्र कुमार ने पत्र जारी करके दी है।

——————————————– 

 रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में एनसीसी प्रशिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
– परेड, अनुशासन व सलामी देने की सही प्रक्रिया की दी जानकारी
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। कस्बे के रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में रविवार को एनसीसी प्रशिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 339 प्रशिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कमांड अफसर बृजेश पाठानिया और कर्नल योगेंद्र सिवान ने प्रशिक्षकों को परेड के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, अनुशासन, कदमताल और सलामी देने की सही प्रक्रिया की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने सावधान की मुद्रा में खड़े होने, परेड के निर्धारित नियमों का पालन करने व प्रशिक्षण में एकरूपता और समयबद्धता बनाए रखने के तरीके समझाए। साथ ही परेड के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों और उनसे बचने के उपायों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना विकसित करना है। इसमें प्रशिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि वे कैडेटों को बुनियादी सैन्य प्रशिक्षण देने के साथ अनुशासन का पाठ भी पढ़ाते हैं। अधिकारियों ने प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गई बारीकियों को अपने-अपने स्तर पर कैडेटों तक पहुंचाने की अपेक्षा की। कार्यक्रम में सुनील सिंह और सुनील जाट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

——————————————— 


भंडारे में उमड़े श्रद्धालु, देर रात तक चला प्रसाद वितरण
– रामलीला मैदान में भक्ति की बही बयार, जयकारों से गूंजा माता रानी का दरबार
फोटो परिचय- (12) रामलीला मैदान स्थित नवदुर्गा पूजा महोत्सव में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज धाता, फतेहपुर। कस्बे के रामलीला मैदान स्थित श्री नवदुर्गा पूजा महोत्सव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माता रानी के भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता रानी के दर्शन व प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों में उत्साह दिखाई दिया। शाम को आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दरबार में माथा टेका और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते देर रात तक प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।

भंडारे के दौरान पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। माता रानी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की कतारें लगी रहीं। आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सेवा में जुटकर प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली। देर रात तक भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता रानी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। श्री नवदुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस भव्य भंडारे ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की। आयोजन में लोगों की भागीदारी से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस मौके पर दीपक केसरवानी, संजय केसरवानी, धीरेन्द्र केसरवानी, शिवम केसरवानी, नितिन मोदनवाल, पिंटू केसरवानी, सुशील केसरवानी और अनिल केसरवानी सहित कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *