ऊसरा नाले में डूबकर आठ वर्षीय शिवा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 ऊसरा नाले में डूबकर आठ वर्षीय शिवा की मौत, परिवार में मचा कोहराम
– दोस्तों के साथ नहाने गया था इकलौता बेटा, तीन बहनों में सबसे छोटा था शिवा

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अज़रा न्यूज बांदा  । तिंदवारी थाना क्षेत्र के खौड़ा गांव में शनिवार सुबह ऊसरा नाले में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। दोस्तों के साथ नहाने गया बालक खेलते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी तलाश के बाद उसका शव नाले में मिला। परिजन उसे आनन-फानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।खौड़ा गांव निवासी रामराज प्रजापति का आठ वर्षीय बेटा शिवा शनिवार सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित ऊसरा नाले में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर अन्य बच्चे घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने नाले में बालक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से करीब 600 मीटर दूर दर्शने बाबा के स्थान के पास गांव के रामपाल को शिवा मिला। इसके बाद उसके चाचा मातादीन, रामपाल और अन्य परिजन उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामराज ने बताया कि शिवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। वह उनका इकलौता बेटा और तीन बहनों में सबसे छोटा था। पिता के अनुसार, सुबह शिवा ने अपनी मां कविता से दोस्तों के साथ जाने की अनुमति लेने के लिए कई बार मिन्नतें कीं और पैर छूकर मनाया था। परिजनों ने बताया कि शिवा पहली बार नाले की ओर गया था। बेटे की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *