आवासविहीन पात्रों को हर हाल में आवास योजना से जोड़ें: डिप्टी सीएम
आवासविहीन पात्रों को हर हाल में आवास योजना से जोड़ें: डिप्टी सीएम
आवासविहीन पात्रों को हर हाल में आवास योजना से जोड़ें: डिप्टी सीएम
– विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
– गड्ढायुक्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की कही बात
फोटो परिचय- डाक बंगले में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जनपद दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास के साथ बिजली कनेक्शन, शौचालय, शुद्ध पेयजल व उज्जवला योजना जैसी अनुमन्य सुविधाओं का लाभ भी दिलाया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने बाबा साहब अंबेडकर प्रोत्साहन रोजगार योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला उद्यान विभाग की योजनाओं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय में पूरा कराया जाए, जिससे आमजन को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत जिन पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटित हो चुके हैं, उनके निर्माण कार्य जल्द पूरे कराए जाएं। जिन लाभार्थियों के आवास बन चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक अन्य अनुमन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिला है, उन्हें भी तत्काल इन योजनाओं से आच्छादित किया जाए।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र परिवार कच्चे मकान या झोपड़ी में रहने को मजबूर न रहे। इसके लिए पात्रता के आधार पर सभी जरूरतमंदों को आवास योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। डिप्टी सीएम ने बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों व गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त श्रम रोजगार को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य कराने, अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने और जॉब कार्डधारकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पाने के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से जिले की कानून व्यवस्था के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।