बड़ौरी टोल पर लगा निःशुल्क नेत्र व स्वास्थ्य जांच शिविर

  बड़ौरी टोल पर लगा निःशुल्क नेत्र व स्वास्थ्य जांच शिविर
– वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक
फोटो परिचय-  शिविर में भाग लेते विभागीय अधिकारी व चालक।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार को त्रिवेणी संगम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ट्रक, बस एवं व्यवसायिक वाहन चालकों की आंखों और स्वास्थ्य की जांच की गई। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्ष जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कानपुर, परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन प्रतीक मिश्र ने कहा कि हर वर्ष हजारों वाहन चालक दृष्टि कमजोर होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों को लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा नशे या नींद की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह दी। इस दौरान पंपलेट वितरित कर सडक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. विश्वेष त्रिपाठी, ऑप्टोमोलॉजिस्ट केसी सोनकर एवं फिजिशियन डॉ. बृजेश कुमार ने चालकों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने कहा कि लंबे सफर के दौरान थकान महसूस होने पर वाहन चलाने से बचना चाहिए। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज, एचआर मैनेजर संदीप पांडेय, वरिष्ठ प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान, सुरक्षा अधिकारी फैय्याज आलम, अजीत सिंह, अतुल सिंह समेत टोल कर्मचारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
——————————————– 
 आंधी-तूफान से फसल नुकसान की 23 मई तक दें सूचना
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जिले में तेरह मई को आए आंधी-तूफान से केला एवं आम की फसलों को हुए नुकसान को लेकर उद्यान विभाग सक्रिय हो गया है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि जिन किसानों की केला या आम की फसल को क्षति पहुंची है, वे निर्धारित तिथि तक आवेदन देकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित किसान अपने प्रार्थना पत्र के साथ आधार कार्ड, खतौनी तथा खेत की जियोटैग फोटोग्राफ संबंधित क्षेत्र प्रभारी को 23 मई तक उपलब्ध कराएं, ताकि क्षति पूर्ति की कार्रवाई की जा सके। जिला उद्यान अधिकारी ने क्षेत्रवार अधिकारियों एवं मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं। तेलियानी, बहुआ एवं ऐरायां क्षेत्र के किसान डॉ. सुनील कुमार से मोबाइल नंबर 9452073794 पर संपर्क कर सकते हैं। हस्वा, भिटौरा एवं मलवा क्षेत्र के लिए धर्मेंद्र सिंह 7652088495, हथगांव, असोथर एवं विजयीपुर क्षेत्र के लिए पंकज कुमार पटेल 9140136988 तथा खजुहा, अमौली, देवमई एवं धाता क्षेत्र के लिए मयंक राज 9919779564 को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उद्यान विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि नुकसान का आकलन कर शासन स्तर से सहायता उपलब्ध कराई जा सके। विस्तृत जानकारी के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन में संपर्क कर सकते हैं।
—————————————- 
 महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान
– ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर प्रताड़ित करने का आरोप
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के खुशवक्तरायनगर में सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लागया है।
जानकारी के अनुसार खुशवक्तरायनगर निवासी प्रशांत पाण्डेय की पत्नी रानी पाण्डेय ने सोमवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता रमेश चन्द्र का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज के लिए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। आए दिन बीस से पचास हजार रूपए की मांग करते थे। घटना से कुछ घंटे पहले ही रानी का फोन आया कि तीस हजार रूपए की जरूरत है। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से तंग आकर पुत्री ने घटना को अंजाम दिया है।
————————————— 
घायल महिला की उपचार दौरान मौत
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। विगत बीस दिन पूर्व पंजाब के लुधियाना में जीने से गिरकर 21 वर्षीय महिला घायल हो गई थी। जिसे परिजन उठाकर घर ले आए जहां इलाज के दौरान सोमवार की शाम उसकी मौत हो गई।
बताते चलें कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी सज्जन अपनी पत्नी काजल व परिवारीजनों के साथ पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करता है। बताते हैं कि 28 अप्रैल को उसकी पत्नी छत पर किसी काम से गई थी। तभी जीने से गिरकर घायल हो गई थी। कुछ दिन लुधियाना में इलाज कराने के बाद उसे लेकर गांव आ गए जहां घर पर ही इलाज किया जा रहा था। सोमवार की शाम उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
————————————— 
 किशोरी समेत दो ने खाया जहरीला पदार्थ
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत किशोरी समेत दो लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां किशोरी की हालत गंभीर बनी है।
जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी मुकेश की 13 वर्षीय पुत्री साक्षी देवी ने मंगलवार की सुबह मां प्रिया देवी की डांट से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसी प्रकार मलवां थाना क्षेत्र के भैसौरा गांव निवासी ओम प्रकाश का 18 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार ने जान देने के इरादे से डाई पी लिया। कुछ देर बाद जब दोनों की हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने उन्हें सरकारी एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
——————————————– 
सड़क हादसों में मां-बेटा समेत चार घायल
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार की सुबह हुए सड़क हादसों के दौरान मां बेटा व पुत्री सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के भोनीपुर गांव निवासी छोटेलाल का 25 वर्षीय पुत्र पवन कुमार अपनी 50 वर्षीय मां गीता व 30 वर्षीय बहन किरन पत्नी सुनील निवासी मझटेनी खागा के साथ बाइक से शहर किसी काम से आ रहे थे। जैसे ही ये लोग कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज एनएच-2 पर पहुंचे तभी अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। जिससे तीनों घायल हो गए। इसी प्रकार औंग कस्बा निवासी हसीन की 25 वर्षीय पत्नी आलिया पति के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थी। जैसे ही ये लोग एआरटीओ कार्यालय के समीप पहुंचे तभी अचानक चलती बाइक से महिला गिर कर घायल हो गई। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *