कांवड़ यात्रा को लेकर घाटों पर पहुंचे आईजी, परखी सुरक्षा व्यवस्था
कांवड़ यात्रा को लेकर घाटों पर पहुंचे आईजी, परखी सुरक्षा व्यवस्था
कांवड़ यात्रा को लेकर घाटों पर पहुंचे आईजी – ओमघाट व नौबस्ता में परखी सुरक्षा व्यवस्था
फोटो परिचय- घाट का निरीक्षण करते आईजी अजय कुमार मिश्रा। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ हुसैनगंज क्षेत्र के ओम घाट व सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। आईजी ने घाटों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आईजी अजय कुमार मिश्रा ने घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवागमन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के आने-जाने के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी और सुदृढ़ रहनी चाहिए। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि धार्मिक यात्रा के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। आईजी ने पुलिस-प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया, जिससे श्रावण मास और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, उप जिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा और क्षेत्राधिकारी थरियांव समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।