स्लीपर बसों की चेकिंग कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, किया जागरूक

     स्लीपर बसों की चेकिंग कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
– यात्रियों को सुरक्षित सफर के लिए किया जागरूक
फोटो परिचय- वाहनों की चेकिंग कर सुरक्षा परखती पुलिस टीम।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने व महिला सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने शनिवार रात जनपद के प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी यातायात बृजमोहन राय के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान में यात्री बसों, खासकर स्लीपर एवं सामान्य बसों की सघन चेकिंग की गई।

मीट एंड ग्रीट कॉन्सेप्ट के तहत पुलिस टीम ने बसों में पहुंचकर यात्रियों से कुशलक्षेम पूछा और सुरक्षित यात्रा को लेकर जागरूक किया। इस दौरान बसों के आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी गेट), अग्निशमन यंत्र, फिटनेस प्रमाण-पत्र समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान सभी बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गईं। पुलिस टीम ने यात्रियों को आपातकालीन द्वार के उपयोग और उसकी स्थिति के संबंध में जानकारी दी तथा किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहने की अपील की। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रतीक मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *