नशा, नींद और तेज रफ्तार को बताया सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह

     नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर कसा शिकंजा, ऐट टोल प्लाजा पर ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान
नशा, नींद और तेज रफ्तार को बताया सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह
370 वाहनों का कटा चालान, वसूला ₹5.65 लाख से अधिक का जुर्माना
​चेकिंग के दौरान मची खलबली, 14 चालक ड्रिंक एंड ड्राइव में धरे गए
दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन एडीजी यातायात उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का महाअभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में बीती रात ऐट टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान कुल 370 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5,65,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
​यातायात प्रभारी वीर बहादुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात तक मोर्चेबंदी की। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन के जरिए चालकों की जांच की गई, जिसमें 14 चालक शराब के नशे में वाहन दौड़ाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। इसके अलावा, सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 13 मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों और बिना एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट के घूम रहे 14 वाहनों पर भी कानूनी गाज गिरी।
​हेलमेट न पहनने वालों पर भी गिरी गाज
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों की भी कड़ी चेकिंग की गई। बिना हेलमेट सफर कर रहे 195 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 2,54,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई से टोल प्लाजा के आसपास वाहन चालकों में खलबली मची रही और कई लोग रास्ता बदलते नजर आए।
​’नशा, नींद और तेज रफ्तार’ जिंदगी पर भारी: अधिकारी
चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को रोककर काउंसलिंग भी की। अधिकारियों ने सख्त लहजे में सचेत करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे “नशा, नींद और तेज रफ्तार” ही सबसे बड़े जिम्मेदार कारक हैं। थोड़ी सी भी लापरवाही हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां उजाड़ देती है।
​यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने आमजन से अपील करते हुए कहा, “शराब पीकर वाहन कभी न चलाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट को मजबूरी नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए आदत बनाएं।” उन्होंने साफ किया कि सड़क सुरक्षा के नियमों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *