विधान परिषद चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू,दिए गए निर्देश
विधान परिषद चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू,दिए गए निर्देश
विधान परिषद चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू
– पोस्टर-बैनर हटाने के दिए गए निर्देश एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता विनय पाण्डेय ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी द्वारा सरकारी भवनों, परिसरों, बाउंड्रीवाल और सार्वजनिक स्थानों पर चुनाव प्रचार से संबंधित पोस्टर, वॉल पेंटिंग, बैनर, होर्डिंग, झंडे व पंपलेट आदि न लगाए जाएं। पहले से लगे चुनाव प्रचार सामग्री को तत्काल हटाकर संबंधित स्थानों को साफ कराया जाए। सभी उप जिलाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी राजनीतिक दल द्वारा सरकारी परिसर में बिना पूर्व अनुमति के सभा या अन्य चुनावी गतिविधि आयोजित न की जाए। निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता में भी सरकारी संसाधनों और परिसरों के चुनावी प्रचार में इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं। एडीएम विनय पाण्डेय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आचार संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
—————————————— सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाएं वितरित एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत परिसर स्थित अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह सभाकक्ष में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर के सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो के चिकित्सकों की टीम ने पहुंचकर सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कर्मचारियों का बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। चिकित्सकों ने कर्मचारियों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने और खान-पान एवं जीवनशैली का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। जांच के दौरान जिन कर्मचारियों को दवाओं की आवश्यकता पाई गई, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कर्मचारियों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। इससे पात्र सफाई कर्मचारियों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है। उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल भी जरूरी है। वहीं अधिशासी अधिकारी श्रीमती देवहुति पांडे ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन को कर्मचारियों के हित में उपयोगी पहल बताया। इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
————————————— महिला लापता, परिजनों ने मांगी मदद एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। नगर पंचायत क्षेत्र के मुसावापर निवासी रंजना देवी पत्नी स्वर्गीय कालीदत्त मिश्रा दो दिनांे से लापता हैं। परिजनों के अनुसार वह शाम के समय घर से निकली थीं, इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी की गई, लेकिन महिला का सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजन उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। महिला के लापता होने की सूचना संबंधित पुलिस को भी दी गई है। परिजन संभावित स्थानों पर उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।