मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके में महज 2500 रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने सेना के एक सेवानिवृत्त जवान पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 46 वर्षीय पूर्व सैनिक जयकारसिंह गुरमीतसिंह गिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 16 नवंबर की तड़के करीब 3:45 बजे पवार पब्लिक स्कूल के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब पूर्व सैनिक के बेटे ने अपने एक पड़ोसी से 2500 रुपये उधार लिए थे, लेकिन समय पर पैसे वापस नहीं किए। इसके बाद पड़ोसी एक अन्य युवक के साथ उधार की रकम मांगने पहुंचा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बेटे का विवाद सुलझाने पहुंचे थे पिता
बताया गया कि पैसों को लेकर शुरू हुई बहस के दौरान दोनों युवकों ने पूर्व सैनिक के बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख जयकारसिंह गिल बीच-बचाव करने पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
हमलावरों ने पूर्व सैनिक पर कई वार किए और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दोनों आरोपी करीब 22 साल के
पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल दोनों आरोपी करीब 22 वर्ष के हैं। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। कांदिवली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
