शहर में मंगलवार-शनिवार रहेगा वन-वे ट्रैफिक प्लान, रहेगी नो एंट्री
शहर में मंगलवार-शनिवार रहेगा वन-वे ट्रैफिक प्लान, रहेगी नो एंट्री
शहर में मंगलवार-शनिवार रहेगा वन-वे ट्रैफिक प्लान
– चौक बाजार में बस-ट्रैक्टरों की रहेगी नो एंट्री
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। मंगलवार और शनिवार को बाजार के दिनों में पीलू तले चौराहा से चौक चौराहा तक लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए दो सप्ताह के ट्रायल पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजार मार्गों पर बसों व ट्रैक्टरों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। व्यापारियों ने बैठक में बताया था कि बाजार के दिनों में स्कूली बसों, ट्रैक्टरों और बड़े वाहनों के प्रवेश से पीलू तले, चौक, बाकरगंज और ज्वालागंज क्षेत्र में घंटों जाम लगा रहता है, जिससे आमजन और दुकानदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। नए ट्रैफिक प्लान के तहत मंगलवार एवं शनिवार को पत्थरकटा से चौक कोतवाली रोडवेज चौकी तक तथा वर्मा चौराहा से चौक चौराहा-बाकरगंज मार्ग पर बसों और ट्रैक्टरों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। स्कूल प्रबंधन से अपील की गई है कि इन दोनों दिनों में बड़े वाहनों के स्थान पर छोटे स्कूली वाहन संचालित करें। यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया है। छोटे स्कूली वाहन पत्थरकटा चौराहे से प्रवेश कर पीलू तले, चौक चौराहा होते हुए ज्वालागंज की ओर जाएंगे। वहीं वर्मा चौराहे से केवल मैजिक और कैम्पर वैन जैसे छोटे वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। इस मार्ग पर बड़ी बसों और ट्रैक्टरों की नो एंट्री रहेगी। इसके अलावा ज्वालागंज से चौक चौराहा, पीलू तले होते हुए पत्थरकटा की ओर जाने वाले बसों एवं ट्रैक्टरों के आवागमन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात पुलिस का कहना है कि दो सप्ताह तक व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जनसुविधा और यातायात के दबाव को देखते हुए इसे स्थायी रूप दिया जा सकता है। यातायात पुलिस ने शहरवासियों, व्यापारियों, स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों के पालन से ही शहर को जाममुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकेगा। ——————————————– हर घर बिजली का दावा हवा, पॉश इलाके में अंधेरा – विभाग ने भाजपा नेता से कहा, अपने पैसे से लगवाएं ट्रांसफार्मर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– केंद्र व प्रदेश सरकार जहां अमृत काल में हर घर को रोशन करने और अंतिम व्यक्ति तक बिजली पहुंचाने का दम भर रही है, वहीं जिला मुख्यालय के घने इलाकों की हकीकत इन दावों को ठेंगा दिखा रही है। ताज़ा मामला शहर की स्टार सिटी कॉलोनी लालकोठी, देवीगंज का है, जहाँ वर्षों से बिजली कनेक्शन के लिए भटक रहे एक उपभोक्ता को विभाग ने न केवल आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि अब बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए खुद के पैसे खर्च करने की अजीबोगरीब सलाह दे डाली है।
भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में विभाग की तानाशाही उजागर की है। उन्होंने बताया कि अपनी पत्नी सरस्वती देवी के नाम से घरेलू कनेक्शन के लिए उन्होंने अक्टूबर 2024 में ऑनलाइन आवेदन किया था। विभाग ने कनेक्शन देने के बजाय उनकी फाइल दबा दी और उल्टा उनके खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज करा दी। इस विभागीय उत्पीड़न और कानूनी दबाव के चलते उन्हें जबरन 68000 रुपये जमा करने पड़े, जो एक साधारण परिवार के लिए बड़ी आर्थिक चोट थी। उन्होने हार मानकर मार्च 2026 में पुनः आवेदन किया। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को आनन-फानन में लाइनमैन भेजकर घर का कनेक्शन तो जोड़ दिया गया, लेकिन लगभग एक महीना बीतने के बाद भी न तो कनेक्शन की आधिकारिक रसीद दी है और न ही मीटर लगाया है। उपभोक्ता का आरोप है कि बिना मीटर और रसीद के कनेक्शन जोड़ना विभाग की सोची-समझी साजिश है, ताकि भविष्य में दोबारा उन्हें अवैध बिजली के नाम पर फंसाया जा सके। हैरानी की बात यह है कि शहर का मुख्य और घना इलाका होने के बावजूद यह क्षेत्र पूर्ण विद्युतीकरण से वंचित है। विभागीय अधिकारी भाजपा नेता को ही नसीहत दे रहे हैं कि यदि उन्हें सुचारू बिजली चाहिए, तो वह अपने निजी खर्चे पर ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन की व्यवस्था करवाएं। श्री कछवाह ने अधीक्षण अभियंता को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर विद्युत मीटर नहीं लगा और वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए, तो वह बिजली विभाग के खिलाफ माननीय न्यायालय की शरण लेंगे। —————————————– मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर कराया भंडारा एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर। तहसील अन्तर्गत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता पुलिस चौकी नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कर्मकांडी ब्राह्मणों द्वारा वेद मंत्रो उच्चारण उपरान्त विधि विधान से हवन पूजन प्रारम्भ किया गया। नौबस्ता पुलिस चौकी के मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एंव हवन पूजन के साथ भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। हवन पूजन में उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों एंव समाज सेवियों ने क्षेत्र में सुख शांति समृद्धि की ईश्वर से कामना किया। मंदिर निर्माण के अगुवा थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह, हेड कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार और समस्त स्टॉफ के सौजन्य से मंदिर का निर्माण कराया गया। इस मौके पर गोपी निषाद, रामनारायण, मोनू आदि लोग मौजूद रहे। —————————————– बीमारी से तंग वृद्ध ने लगाई फांसी एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम जरारा में बीमारी से तंग 70 वर्षीय वृद्ध ने गांव के बाहर खेत में पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार जरारा गांव निवासी स्व0 सोनी यादव का पुत्र रामऔतार यादव टीबी की बीमारी से पीड़ित था। काफी इलाज कराया गया लेकिन कोई फायदा न मिला जिससे तंग आकर वृद्ध शनिवार की शाम घूमने के बहाने निकला और गांव के बाहर खेत में नीम के पेड़ में रस्सी का फंदा डाल फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई को परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————- सड़क हादसे में घायल किशोर ने भी तोड़ा दम एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी के समीप दो दिन पूर्व बारात से लौट रही चार पहिया को बस ने टक्कर मार दिया था। जिससे पोल से टकरा कर कार खंती में जा पलटी जिससे दो की मौके में पर ही मौत हो गयी थी जबकि घायल किशोर ने शनिवार की शाम दम तोड़ दिया।
बताते चलें कि तीन दिन पूर्व किशनपुर थाना क्षेत्र के अबकरपुर बड़वा में शादी समारोह से वापस लौट रही चार पहिया में बस ने टक्कर मार दिया था। जिससे शिवकरन व शिवम् की मौके पर ही मौत हो गयी थी। जबकि किशोर सानू पुत्र महेन्द्र पाल पासवान 15 वर्ष निवासी मनीपुर थाना गाजीपुर सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। अनुज बाजपेई, सुखराज, अनूप बाजपेई व अन्य की हालत गंभीर देखते हुये कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया था। शनिवार की शाम सानू ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ————————————— पांच दिन से लापता वृद्धा का शव गोहरारी गांव से बरामद एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। विगत पांच दिनो से लापता 65 वर्षीय वृद्ध महिला का शव चांदपुर थाना क्षेत्र के गोहरारी गांव के समीप रोड़ किनारे से ग्रामीणो की सूचना पर पुलिस शव बरामद करते हुए विच्छेदन गृह भेजा है।
बताते चलें कि कानपुर नगर के थाना सजेती गांव मनीहारपुर निवासी दीपचन्द्र की पत्नी सोमवाती मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को वह खेतों की तरफ जा रही थी तभी से लापता हो गयी। काफी देर बीत जाने पर जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनो ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी लेकिन वृद्ध महिला का कोई पता न चला। शनिवार की शाम ग्रामीणो की सूचना पर चांदपुर थाने की पुलिस गोहरारी गांव के समीप रोड़ किनारे वृद्ध महिला का शव बरामद किया। उधर पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए वृद्ध का फोटो वायरल किया। जिसके जरिये जानकारी हुयी। मौके में पहुंचे घर वालों ने मृतका की पहचान सोमवती के रूप में की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। ————————————– पुलिया के नीचे बरामद हुआ वृद्ध का शव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवलान में शनिवार की दोपहर जानवरों के लिए चारा लेने गये 60 वर्षीय वृद्ध का शव गांव के समीप स्थित नर्सरी के पास पुलिया के नीचे से पुलिस ने बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा है।
जानकारी के अनुसार देवलान गांव निवासी श्रीराम का पुत्र अमृत चन्द्र उर्फ अमृत लाल शनिवार की दोपहर जानवरों के लिए चारा लेने खेत गया था। काफी देर बीतने जाने के बाद जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन कोई सुराग न लगा। रविवार की सुबह गांव के समीप स्थित नर्सरी पुलिया के नीचे से वृद्ध का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम हाउस में मृतक पुत्र के अनुसार हो सकता है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से पिता की मौत हो गयी है।