बारिश बनी आफत: नौबस्ता में सड़क कटी, रायबरेली का रास्ता बंद

    बारिश बनी आफत: नौबस्ता में सड़क कटी, रायबरेली का रास्ता बंद
तेज बहाव में धंसी सड़क, पुलिस ने रोका आवागमन
– गंगा पुल-गंगापुरवा-मड़ईहार वाया नौरंगाबाद से निकाले जा रहे वाहन
फोटो परिचय-  नौबस्ता में बारिश से कटी सड़क का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। भारी बारिश के बीच नौबस्ता में सड़क कटने से रायबरेली जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया। नौबस्ता पुलिस चौकी के पास बारिश के पानी के तेज बहाव से सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। सड़क कटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियातन मार्ग पर आवागमन बंद करा दिया। इसके चलते खागा और रायबरेली की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त हिस्से की ओर वाहनों को जाने से रोकते हुए वैकल्पिक मार्ग से आवागमन शुरू कराया है। प्रशासन की ओर से वाहनों का डायवर्जन गंगा पुल-गंगापुरवा-मड़ईहार वाया नौरंगाबाद किया गया है। पुलिस ने राहगीरों से क्षतिग्रस्त सड़क पर जाने का प्रयास न करने और निर्धारित डायवर्जन मार्ग से ही आवागमन करने की अपील की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश से सड़क के आसपास पानी का तेज बहाव बना हुआ था, जिसके चलते सड़क का हिस्सा कट गया। मार्ग बंद होने से आसपास के गांवों के लोगों के साथ लंबी दूरी के वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनी हुई है। एसडीएम अश्वनी पांडेय ने बताया कि मौके की स्थिति का जायजा लेने के लिए राजस्व टीम भेजी गई है। लोक निर्माण विभाग को भी सूचना दे दी गई है। क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कराकर जल्द आवागमन बहाल कराने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *