जलनिकासी की व्यवस्था धड़ाम, बाल्टियों से घरों से पानी निकालते रहे लोग
जलनिकासी की व्यवस्था धड़ाम, बाल्टियों से घरों से पानी निकालते रहे लोग
बारिश में कस्बा हुआ पानी-पानी, घरों में घुसा बरसाती पानी
– जलनिकासी की व्यवस्था धड़ाम, बाल्टियों से घरों से पानी निकालते रहे लोग
फोटो परिचय- बारिश के कारण गली में जलभराव का दृश्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। मंगलवार को करीब तीन घंटे हुई झमाझम बारिश ने कस्बे की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद ब्राह्मण टोला, नई बाजार, गढ़ी, नीम टोला, नौबस्ता रोड और चौड़ाखेर समेत कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। गलियां पानी से लबालब होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। कई घरों में बरसात का पानी घुसने से लोगों को बाल्टियों से पानी बाहर निकालना पड़ा।
बताया गया कि सोमवार और मंगलवार को लगातार बारिश होने से कस्बे की गलियों में पानी भरता चला गया। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति और बिगड़ गई। कई स्थानों पर गलियों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पानी घुसने से लोगों की गृहस्थी भी प्रभावित हुई। मोहल्लेवासियों को लगातार बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का डर भी सता रहा है। स्थानीय निवासी रितेश, मुकेश और रवि ने जलभराव की स्थिति के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए। वीडियो में गलियों और घरों के आसपास भरा पानी दिखाई दे रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।