भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में मंगलवार दोपहर आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विदेशी पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के समय बस में ब्रिटेन के 16 पर्यटक सवार थे। दुर्घटना में आठ पर्यटक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, बस अलवर के सरिस्का से पर्यटकों को लेकर आगरा जा रही थी। रास्ते में पर्यटकों को भरतपुर के एक होटल में रुकना था। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे सेवर थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव के पास अचानक बस का हैंडल लॉक हो गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से निकाले गए यात्री
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई पर्यटक बस के अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
आठ पर्यटकों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुए पर्यटकों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें आठ पर्यटकों को भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार दिया गया। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
सरिस्का से आगरा जा रहे थे पर्यटक
सेवर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, ब्रिटेन के पर्यटक सरिस्का घूमने के बाद आगरा जा रहे थे। उन्हें भरतपुर में एक होटल में ठहरना था। इसी दौरान भवनपुरा गांव के पास बस का हैंडल लॉक होने से यह दुर्घटना हुई।
हादसे के कारण आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
