पठन प्रतियोगिता में साफिया प्रथम, छोटू द्वितीय व राशिका रहीं तृतीय
पठन प्रतियोगिता में साफिया प्रथम, छोटू द्वितीय व राशिका रहीं तृतीय
पठन प्रतियोगिता में साफिया प्रथम, छोटू द्वितीय व राशिका रहीं तृतीय – डायट प्राचार्य ने विजेताओं को किया पुरस्कृत, नियमित पठन के लिए किया प्रेरित
फोटो परिचय- प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को सम्मानित करते डायट प्राचार्य। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रोग्राम एंड एक्टिविटीज 2026-27 के अंतर्गत माध्यमिक स्तर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए पठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने पठन कौशल, शुद्ध उच्चारण, स्पष्टता, प्रवाह व भावानुकूल वाचन का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की साफिया ने प्रथम, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के छोटू ने द्वितीय तथा स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की राशिका वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के अमन कुमार को सर्वश्रेष्ठ उच्चारण व स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की हेमा देवी को सर्वश्रेष्ठ प्रवाह के लिए चुना गया।
प्रतियोगिता का संचालन नोडल प्रभारी राजेन्द्र कुमार एवं प्रवक्ता डाली सिंह के नेतृत्व में हुआ। निर्णायक मंडल में डायट प्रवक्ता डॉ. अमृत कुमार यादव, डाली सिंह और पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के अनिल कुमार शामिल रहे। संस्थान के प्राचार्य मायाराम ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पठन प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषा कौशल, शुद्ध उच्चारण, आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमित पठन से ज्ञान का विस्तार होता है और व्यक्तित्व में निखार आता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सहगामी गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जीवन में अच्छा प्रदर्शन कर विद्यार्थी अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने के साथ समाज व देश की प्रगति में भी योगदान दे सकते हैं। इस दौरान वरिष्ठ प्रवक्ता आरती गुप्ता, अजीत कुमार निगम, राकेश सचान, शशांक शेखर शुक्ला ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नियमित पठन को शब्दावली समृद्ध करने, भाषा पर पकड़ मजबूत बनाने तथा तार्किक चिंतन और संप्रेषण कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में प्रवक्ता डॉ. रमेश कुमार सोनकर, अतुल कुमार, अन्तिम सिंह, भारती सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।