सौम्या सरस्वती बनीं यूथ एसोसिएशन की प्रदेश महामंत्री

  सौम्या सरस्वती बनीं यूथ एसोसिएशन की प्रदेश महामंत्री
फोटो परिचय-  यूथ एसोसिएशन की नवमनोनीत प्रदेश महामंत्री सौम्या सरस्वती।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। आवास विकास मोहल्ला निवासी समाजसेविका एवं आध्यात्मिक प्रवक्ता देवी सौम्या सरस्वती को उत्तर प्रदेश यूथ एसोसिएशन का प्रदेश महामंत्री मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से समर्थकों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

देवी सौम्या सरस्वती पिछले करीब छह वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह वंचित, जरूरतमंद और अभावग्रस्त समुदाय के बीच पहुंचकर शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनकी प्रमुख पहल में डेरे में रहने वाले अशिक्षित बच्चों के लिए निःशुल्क पाठशाला का संचालन शामिल है। इस पहल के जरिए वह बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत हैं। सौम्या सरस्वती ने बताया कि सेवा सदैव उनका ध्येय रहा है। इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी करने के बाद से ही उन्होंने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के विकास के लिए सेवा कार्य शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आगे भी समाज के वंचित वर्ग के लिए उनका सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा। आध्यात्मिक क्षेत्र में भी उनकी अलग पहचान है। वह श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रही हैं। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात समेत विभिन्न राज्यों में उनके कथा कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। सामाजिक सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *