बावनी इमली स्मारक पर गूंजे अमर शहीदों के जयकारे
– जोधा सिंह अटैया समेत 51 क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि
फोटो परिचय- शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ बिंदकी, फतेहपुर — 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के रणबांकुरे अमर शहीद जोधा सिंह अटैया एवं उनके 51 साथी क्रांतिकारियों की शहादत दिवस पर खजुहा के पारादान स्थित बावनी इमली स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर बलिदानियों की गाथा के मूक गवाह इमली के पेड़ पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान पूरा स्थल भारत माता की जय और अमर शहीदों की जय के नारों से गूंज उठा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ज्ञानेंद्र, श्री बालाजी सेवा न्यास के अध्यक्ष लक्ष्मीचंद्र ओमर मोना, पूर्वीन माता सेवा समिति के अध्यक्ष दशरथ सिंह परिहार, युवा विकास समिति के जिला प्रमुख आलोक गौड़ समेत अरुण, अजमेर सिंह, प्रधान कृष्णचंद्र, शिवशंकर सिंह रिंकू, अमित पटेल, सुनील कुमार, राहुल यादव, मनोज सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से क्रांतिकारियों की अमर गाथा को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। आरएसएस के ज्ञानेंद्र ने कहा कि बावनी इमली स्मारक 28 अप्रैल 1858 की उस रोंगटे खड़े कर देने वाली ऐतिहासिक घटना का गवाह है, जब ब्रिटिश हुकूमत ने 52 स्वतंत्रता सेनानियों को एक ही इमली के पेड़ पर फांसी दे दी थी। इन वीरों ने भारत माता को गुलामी के दंश से बचाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। समाजसेवी लक्ष्मीचंद्र ओमर ने कहा कि इन बलिदानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहीं समाजसेवी दशरथ सिंह परिहार ने कहा कि यही रणबांकुरे अमर शहीद आजादी के असली नायक हैं। युवा विकास समिति के प्रवक्ता आलोक गौड़ ने कहा कि 52 क्रांतिकारियों की शहादत सर्वाेच्च बलिदान का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
इनसेट- बच्चो ने निकाली रैली
खजुहा के पुरषोत्तम इंटर कालेज खजुहा एवं रामपाल बिटाना देवी महाविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा शहीद स्मारक पहुचकर रैली निकाल श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। शिक्षकों द्वारा बच्चों को परिसर का भ्रमण करा आजादी की लड़ाई में अमर क्रांतिकारियों की भूमिका की जानकारी दी गई। ———————————– राशन कार्ड में नाम बढ़ाने की मांग एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ खागा, फतेहपुर– तहसील क्षेत्र के रारी गांव की एक महिला ने राशन कार्ड में नाम बढ़ाने को लेकर डीएम से शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम निवासी प्रविनी विनिता देवी पत्नी योगेश ने आरोप लगाया है कि तहसील आपूर्ति दफ्तर में परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज कराने को शिकायत दिया था। शिकायत के अनुसार 5 फरवरी को आपूर्ति विभाग में राशन कार्ड में नाम बढ़ाने को लेकर बाबू को दिया था लेकिन विभाग के लोगों ने सीएम तक जाओ नाम नहीं बढ़ेगा। शिकायत करने वाले लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। आपूर्ति विभाग निरीक्षक हरीश साहनी ने बताया कि शिकायत पत्र मिलने की शिकायत नहीं मिली है। ————————————— ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत – हादसे में घायल एक बेटा कानपुर रेफर एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बक्सर मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह निमंत्रण में आ रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया जिससे मौके पर मां-बेटे की मौत हो गई जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी मूलचन्द्र अपने परिवार सहित कानपुर में रहता है। बताते हैं कि खागा कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुर रिश्तेदारी में शादी थी। जिस पर उसका 22 वर्षीय पुत्र सूरज, 42 वर्षीय पत्नी पुष्पा व 11 वर्षीय पुत्र अनुराग बाइक में सवार होकर खागा जा रहे थे। जैसे ही यह लोग बक्सर मोड़ के समीप पहुंचे तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे पुष्पा देवी व सूरज की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। वहीं अनुराग को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया। ————————————- कुएं में कूदकर महिला ने दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर — असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम जीत सिंह का पुरवा में 35 वर्षीय महिला ने मानसिक तनाव के चलते कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार जीत सिंह का पुरवा गांव निवासी जितेन्द्र पाल की पत्नी सरिता देवी काफी दिनों से मानसिक विक्षिप्त थी। बताते हैं कि मंगलवार की सुबह लगभग छह बजे उसने घर के समीप स्थित कएं में छलांग लगा दी। आस-पास के लोगों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से सरिता को बाहर निकाला तब तक देर हो चुकी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। —————————————— तीन दिन से लापता युवक का नाले में मिला शव एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– सदर कोतवाली क्षेत्र के मंडप मैरिज हाल के समीप स्थित नाले में तीन से लापता 35 वर्षीय युवक का पुलिस ने मुहल्लेवालों की सूचना पर शव बरामद कर विच्छेदन गृह भेजा है।
बताते चलें कि मलवां थाना क्षेत्र के काकाबेरी गांव निवासी रतिपाल का पुत्र राजकुमार शटरिंग का मिस्त्री था। बताते हैं कि 25 अप्रैल की रात वह घर से निकल गया। दूसरे दिन वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दी। उधर परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे आज सुबह मंडप मैरिज हाल के सामने स्थित नाले में मुहल्लेवालों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया है। परिजनों के अनुसार मृतक के हाथ में राजकुमार काकाबेरी लिखा था। जिसके चलते मृतक की पहचान हो सकी है। ———————————- ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की सुबह रेलवे लाइन पार करते समय 55 वर्षीय अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आ जाने से घटनास्थल पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के रारीखुर्द गांव निवासी शिवपाल का पुत्र चन्द्रपाल साइकिल से रिश्तेदारी में जा रहा था। जब वह हसनापुर के समीप पहुंचे तभी रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। ———————————— महिला ने जहर खाकर दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लौगांव में अपने मायके में रह रही 33 वर्षीय महिला ने मंगलवार की सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सहिमापुर गांव निवासी लवकुश की पत्नी राजकुमारी इन दिनों मायके में रह रही थी। जहां उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौजूद राजू सिंह ने बताया कि उसकी बहन का तीन साल पहले ही पति से तलाक हो गया था। तब से वह मायके में रहती थी। ———————————— युवक ने फांसी लगाकर दी जान एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भोलापुर मजरे तारापुर में मंगलवार की सुबह 35 वर्षीय युवक ने घरेलू कलह के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार भोलापुर मजरे तारापुर गांव निवासी अजमेर सिंह का पुत्र अभिमन सिंह ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के चाचा राजवीर सिंह ने बताया कि ग्यारह अप्रैल को उसके पिता की मौत हो गई थी। जिस पर सदमे में रहता था और सुबह उसने घटना को अंजाम दे दिया। ————————————- छत से गिरकर मासूम घायल एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर– खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौकिया में मंगलवार की सुबह छत से गिरकर चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार लौकिया गांव निवासी कामता प्रसाद का पुत्र अंशू छत पर खेल रहा था। तभी अचानक गिरकर घायल हो गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया।