सपाईयों ने नारेबाजी के बीच फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला

  सपाईयों ने नारेबाजी के बीच फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला
– रैली निकालकर जताया विरोध, इस्तीफे की उठाई मांग
फोटो परिचय- ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करते सपाई।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने व बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से रैली निकाली। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए शादीपुर चौराहा, पटेलनगर चौराहा व पत्थरकटा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर के पास चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक अर्थी पर ज्ञानेश कुमार का पुतला रखकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और बाद में पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो, एसआईआर रद्द करो और बैलेट पेपर से चुनाव कराओ जैसे नारे लगाते रहे। इसके बाद सपा कार्यकर्ता गांधी मैदान पहुंचे, जहां गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रगान किया गया। यहां से कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे। जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष ने संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ करते हुए मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व पर अपनी बात रखी। सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी लगातार सवाल उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि एसआईआर के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए इसे रद्द किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग भी उठाई। इस दौरान सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य, चेयरमैन राजकुमार मौर्य, जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार, पूर्व जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह, वीरेंद्र यादव, दयालु गुप्ता, दलजीत निषाद, विपिन यादव, जगदीश उर्फ जालिम सिंह, बलिराज उमराव, महेंद्र बहादुर सिंह, अय्यूब अहमद, रीता प्रजापति, रामकृपाल सोनकर, शकील अकबर, सुहैल खान हेमू, अरुणेश पांडेय, कुश वर्मा, सुशील दोषी पटेल, सिद्धार्थ कोरी, संगीता राज पासी, सऊद अहमद, अमित मौर्य, सलमान अहमद, आजम खान, परवेज आलम, अंकित यादव, शकील अकबर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *