मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु 17 व 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

    मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु 17 व 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
– सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
– पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण
फोटो परिचय- बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों व पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को निर्वाचन नामावली में शामिल करने के लिए जिले में 17 व 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए 17 अक्टूबर शनिवार व 24 अक्टूबर शनिवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिले के विधानसभा क्षेत्र 238-जहानाबाद, 239-बिंदकी, 240-फतेहपुर, 241-अयाहशाह, 242-हुसैनगंज और 243- खागा (अजा) के सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। इस दौरान बीएलओ पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त करेंगे।

उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त संख्या में फार्म-6 और 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली उपलब्ध रखी जाए। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष कैंप के दौरान अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचें। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि व निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर आएं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखें। इसके अलावा मतदाता पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वीएचए ऐप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर उनकी सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने तथा बीएलए के माध्यम से मतदाताओं को फार्म भरने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक निर्वाचन अधिकारी, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *