फिट रहो, साइकिल अपनाओ, पर्यावरण बचाओ’,बढ़ाया बच्चों का उत्साह

  फिट रहो, साइकिल अपनाओ, पर्यावरण बचाओ’
– विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

ब्यूरो सुरेंद्र धुरिया अजरा न्यूज़  बांदा–  भारतीय खेल प्राधिकरण के फिट इण्डिया के तहत रविवार को पं. जे.एन. डिग्री कालेज ग्राउंड में संडेज ऑन साईकल कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सांसद कृष्णा पटेल के साथ संयुक्त रूप से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। योग और जुंबा सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद पुश-अप्स, स्किपिंग और रस्साकशी जैसी फिटनेस गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुंबा के दौरान विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी समेत अन्य अतिथियों ने भी बच्चों के साथ जुंबा कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइकिल रैली रही। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और सांसद कृष्णा पटेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सैकड़ों विद्यार्थियों की रैली को रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने फिटनेस, साइकिल के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली पं. जे.एन. डिग्री कालेज ग्राउंड से डीएम कालोनी रोड, अशोक लाट चौक, जेल तिराहा, जरेली कोठी और पुलिस लाइन रोड होते हुए वापस कॉलेज मैदान पहुंची। आयोजन में गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, इंटरनेशनल एमिटी स्कूल, एचएल इंटर कॉलेज, सेंट मैरीज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विद्यावती निगम स्कूल, भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज और आदर्श बजरंग इंटर कालेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा कमल यादव की कबड्डी अकादमी के बच्चों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को छोटी दूरी के लिए मोटर वाहनों के बजाय साइकिल का उपयोग करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि साइकिल चलाने से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी के जरिए पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम में सांसद कृष्णा पटेल, पूर्व मंत्री श्रीशंकर सिंह पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एडीएम न्यायिक मायाशंकर, एडीएम नमामि गंगे एम.एम. वर्मा, सीओ सिटी सौरभ सिंह सहित प्रशासन, खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष संध्या कुशवाहा, डिप्टी स्पोर्ट्स ऑफिसर कल्पना कमल, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, जिला ओलंपिक संघ से रामेन्द्र शर्मा व सुनील सक्सेना सहित कई लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना भारती और महेश साहिल ने किया। कार्यक्रम ने बांदा में स्वस्थ जीवनशैली, साइकिलिंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *