आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल में समर कैंप की शुरुआत, गतिविधियों में लिया हिस्सा

     आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल में समर कैंप की शुरुआत
बच्चों में दिखा खासा उत्साह, गतिविधियों में लिया हिस्सा
फोटो परिचय-  समर कैंप में प्रतिभाग करते बच्चे।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज़ फतेहपुर। भीषण गर्मी के बीच बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नई-नई गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आर. वी. एस. इंटरनेशनल स्कूल में समर कैंप का शुभारंभ किया गया। अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की मांग पर आयोजित इस समर कैंप को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी समर कैंप में बच्चों को विभिन्न गैर-शैक्षिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। कैंप की शुरुआत होते ही बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। विद्यालय के चेयरमैन बिंदा सिंह ने विद्यार्थियों को समर कैंप का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं एकेडमिक डायरेक्टर वीशा मोहिन्द्रा ने बच्चों को गर्मी में सावधानी बरतने, अधिक धूप से बचने एवं पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में शिक्षा के साथ-साथ अन्य कौशलों का होना भी बेहद आवश्यक है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता श्रीवास्तव ने समर कैंप में चल रही विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष समर कैंप में तैराकी, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, स्केटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, संगीत, नृत्य एवं कुकिंग विदाउट फायर जैसी गतिविधियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों ने अपनी रुचि के अनुसार इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस समर कैंप की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों का बौद्धिक एवं शारीरिक विकास होने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *