टीबी-एचआईवी जागरूकता अभियान की हुई समीक्षा महाविद्यालयों में चला कार्यक्रम

 टीबी-एचआईवी जागरूकता अभियान की हुई समीक्षा
– 60 स्कूलों व 15 महाविद्यालयों में चला कार्यक्रम
फोटो परिचय-  टीबी-एचआईवी समन्वय बैठक में भाग लेते सीएमओ व अन्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में बुधवार को टीबी-एचआईवी समन्वय की मासिक बैठक आयोजित हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में 12 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलाए जा रहे एचआईवी जागरूकता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।

जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 60 स्कूलों व 15 महाविद्यालयों में एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा जिले के पांच ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों और विद्यार्थियों को एचआईवी से बचाव, सावधानियों और जागरूकता के संबंध में जानकारी दी जा रही है। बैठक में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भारत सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। जिला क्षयरोग अधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावी ढंग से गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक लालचंद्र, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रशांत नारायण, काउंसलर अतुल जायसवाल, टीबी-एचआईवी कोआर्डिनेटर मो. नसीम, मो. फैज, पीपीएम राकेश, भक्तदास सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *