मृतका के भाई ने की शव की शिनाख्त, तीन दिन पूर्व घर से निकली थी महिला
मृतका के भाई ने की शव की शिनाख्त, तीन दिन पूर्व घर से निकली थी महिला
नग्न हालत में मिला महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका – मृतका के भाई ने की शव की शिनाख्त, तीन दिन पूर्व घर से निकली थी महिला
– घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोटो परिचय- घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक। एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब औंग थाना क्षेत्र में आशापुर के पास एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नग्न अवस्था में पड़ा मिला। महिला के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला की हालत देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई ने शव की शिनाख्त गरीबा देवी पत्नी पुत्तन (45) निवासी थानपुर थाना औंग के रूप में की। भाई ने बताया कि गरीबा देवी तीन दिन पूर्व घर से दवा लेने के लिए निकली थी, उसके बाद लौटकर नहीं आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसपी ने पुलिस अधिकारियों व जांच टीम को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल करने तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की जांच में किसी भी पहलू को नजरंदाज न किया जाए। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास की परिस्थितियों व अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल महिला की मौत के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दुष्कर्म व हत्या की आशंका को लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।