छात्राओं को जिला पंचायत अध्यक्ष ने बांटे छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र

    विज्ञान प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिखाए हुनर
– छात्राओं को जिला पंचायत अध्यक्ष ने बांटे छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र
फोटो परिचय- छात्राओं को सम्मानित करते जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज खागा, फतेहपुर। आशा सिंह बालिका इंटर कॉलेज खागा में तीन अक्टूबर को गृहविज्ञान एवं विज्ञान प्रदर्शनी के साथ छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आधारित वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रभावी प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और उसके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी अतिथियों को दी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, टीवाईएस विश्वविद्यालय के चांसलर, प्रधानाचार्या संगीता सिंह, डायरेक्टर राम सागर सोनी, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, एडीओ असोथर बलराम समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। निर्णायक मंडल के सदस्यों, एपीएस और एलएस स्कूल के शिक्षकों ने प्रदर्शनी में लगाए गए मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण कर उनका मूल्यांकन किया। छात्राओं के रचनात्मक प्रयास और वैज्ञानिक सोच की अतिथियों ने जमकर सराहना की। समारोह के दौरान पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। अतिथियों ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं को अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य में बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *