चालान का लक्ष्य पूरा करने की ऐसी होड़ कि मरीजों व तीमारदारों की मजबूरी भी दरकिनार

    चालान काटने में मस्त यातायात पुलिस, जाम में पिस रही जनता
– चालान का लक्ष्य पूरा करने की ऐसी होड़ कि मरीजों व तीमारदारों की मजबूरी भी दरकिनार
– चौराहों पर घंटों जाम, फुटपाथों पर कब्जे व बेतरतीब पार्किंग पर खामोशी
फोटो परिचय- शहर में लगे भीषण जाम का दृश्य।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने व लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए नवंबर माह में अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन यातायात पुलिस की कार्यशैली पर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि यातायात नियमों का पालन कराने के नाम पर पुलिस कर्मियों का पूरा जोर वाहन चालकों के चालान काटने पर है। चालान की कार्रवाई में तेजी जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन शहर को जाम से निजात दिलाने की जिम्मेदारी मानो पीछे छूट गई है। हालात यह हैं कि प्रमुख चौराहों पर लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं और यातायात पुलिसकर्मी कार्रवाई के नाम पर चालान काटने में व्यस्त नजर आते हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को उठानी पड़ रही है, जो मरीजों को लेकर अस्पताल जा रहे हैं या किसी इमरजेंसी में घर से निकलते हैं। लोगों का आरोप है कि ऐसे वाहन चालकों की परिस्थितियों को समझने और उनकी समस्या सुनने के बजाय कई बार पीछे से मोबाइल के जरिए फोटो खींचकर ऑनलाइन चालान कर दिया जाता है। बाद में मोबाइल पर जुर्माने का संदेश पहुंचने के बाद वाहन स्वामियों को भुगतान और अन्य औपचारिकताओं के लिए परेशान होना पड़ता है। सवाल यह है कि यातायात नियमों का पालन कराना जरूरी है, लेकिन क्या मानवीय परिस्थितियों और लोगों की परेशानियों को समझने की जिम्मेदारी खत्म हो गई है? शहर के प्रमुख चौराहों पर कार्रवाई के तरीके को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।

आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सामान्य वाहन चालकों को रोककर उनकी समस्या सुने बिना चालान कर दिया जाता है, जबकि कुछ रसूखदार और सफेदपोश लोग दोपहिया और चारपहिया वाहनों से नियमों की अनदेखी करते हुए निकल जाते हैं। उन पर कार्रवाई होती नहीं दिखाई देती। आम लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए, फिर कार्रवाई में यह अंतर क्यों नजर आता है? उधर, शहर की यातायात व्यवस्था का हाल किसी से छिपा नहीं है। पुरानी तहसील, पत्थरकटा चौराहा, बाकरगंज, ज्वालागंज बस स्टॉप, हरिहरगंज और वर्मा चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर आए दिन घंटों जाम लगा रहता है। फुटपाथों पर अतिक्रमण और सड़कों के किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण रास्ते संकरे हो जाते हैं। सोमवार को भी शहर के कई प्रमुख चौराहों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए गलियों का सहारा लेने को मजबूर हुए। कहीं-कहीं गिने-चुने यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने की कोशिश करते दिखाई दिए, जबकि अधिकांश स्थानों पर चालान की कार्रवाई ही प्राथमिकता बनी रही। शहरवासियों ने यातायात पुलिस के उच्चाधिकारियों से अभियान की समीक्षा कर चालान के साथ जाम से मुक्ति और समान रूप से नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *