फतेहपुर में सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान जमींदोज, चार की मौत

   फतेहपुर में सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान जमींदोज, चार की मौत
– मलबे में दबे लोगों को निकाल गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
– धमाके से दहला मलवां कस्बा, घटनास्थल पहुंचे डीएम व एसपी
– मेडिकल कालेज पहुंचकर डीएम व एसपी ने घायलों का लिया हालचाल
फोटो परिचय-  मलवा कस्बे में जमींदोज मकान में रेस्क्यू करती टीम एवं मेडिकल कालेज में घायल का हालचाल लेतीं डीएम व एसपी।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। मलवां कस्बे में सोमवार की शाम सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। खाना बनाते समय अचानक हुए तेज धमाके के बाद दो मंजिला मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकान तक हिल गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाल लिया। देर तक चले रेस्क्यू में मलबे से सभी दबे लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

मलवां कस्बा निवासी सूरज गुप्ता के दो मंजिला मकान में सोमवार की शाम करीब पांच बजे खाना बनाते समय सिलेंडर में अचानक विस्फोट हुआ। विस्फोट के साथ ही मकान का ढांचा भरभराकर नीचे आ गिरा और घर में मौजूद लोग मलबे में दब गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मलबे में लोगों के दबे होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से बचाव शुरू किया। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अमले ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबा हटाने का काम कराया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अल्लीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने कुनाल पुत्र सुरेश 17 वर्ष, यश 8 वर्ष, वेद पुत्र स्व0 रोहित 14 वर्ष समेत एक अन्य को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों में सुरेश गुप्ता पुत्र स्व0 मेवालाल, मन्नो पत्नी सुरेश 40 वर्ष, पूजा पत्नी स्व0 रोहित गुप्ता 40 वर्ष, कार्तिक पुत्र सुरेश 10 वर्ष, लक्ष्मी गुप्ता पुत्री सुरेश 18 वर्ष, अर्पित पुत्र स्व0 रोहित गुप्ता का मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंच गया। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और रेस्क्यू टीम को तेजी से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम व एसपी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार करने और गंभीर मरीजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *