तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के केशम द्वीप पर इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाकर हवाई हमला किया। अमेरिकी सैन्य अधिकारी के मुताबिक, अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने आत्मरक्षा में सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का इस्तेमाल करते हुए यह कार्रवाई की।
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह हमला ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड की उस आक्रामक कार्रवाई के जवाब में किया गया, जिसमें अमेरिकी सैनिकों और सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि वह क्षेत्र में अमेरिकी हितों और कर्मियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
ईरान ने भी हमले की पुष्टि की है। होर्मोजगान प्रांत के डिप्टी गवर्नर अहमद नफीसी ने बताया कि केशम द्वीप पर अमेरिकी हमलों से आवासीय, व्यावसायिक या बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। द्वीप पर पांच से छह विस्फोटों की आवाज सुनी गई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।
बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ईरान का ड्रोन हमला
अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने बहरीन स्थित शेख ईसा एयरबेस को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया। यह अमेरिकी सेना से जुड़ा सैन्य ठिकाना है। बहरीन ने ईरानी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई हवाई हमलों को बीच में ही रोक दिया।
बहरीन डिफेंस फोर्स के जनरल कमांड की ओर से जारी बयान में हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और नुकसान या हताहतों की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास बढ़ा तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच ताजा सैन्य कार्रवाई से हॉर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव और बढ़ गया है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से दुनिया के विभिन्न देशों तक बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति होती है।
28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियान के बाद से यह समुद्री मार्ग लगातार संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ताजा हमलों ने मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने की कोशिशों को एक बार फिर झटका दिया है।
