बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, BNP नेता की हत्या के बाद पुलिस थाने और सांसद के घर में लगाई आग

ढाका: बांग्लादेश में मंगलवार रात एक बार फिर राजनीतिक हिंसा भड़क उठी। फरीदपुर जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के एक स्थानीय नेता की हत्या के बाद कई इलाकों में तनाव फैल गया। हिंसा के दौरान एक पुलिस थाने और सांसद के घर में आग लगा दी गई। इसके अलावा BNP के स्थानीय कार्यालय और कई मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया गया। हालात बिगड़ने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर सेना तथा सीमा सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

फरीदपुर के भांगा इलाके में पुलिस और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प के दौरान BNP के किसान संगठन के स्थानीय नेता राजू मोल्लाह की मौत हो गई। बताया गया कि तुंगीपाड़ा उपजिले में अवामी लीग के कई संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद हिंसा शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गोपालगंज और पड़ोसी फरीदपुर जिले तक फैल गई।

तीन मोटरसाइकिलों में लगाई आग, झड़प में गई जान

स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब नौ बजे फरीदपुर के भांगा इलाके में ढाका-बरिशाल हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों में आग लगा दी गई। इसी हिंसा के बीच BNP के किसान संगठन के नेता राजू मोल्लाह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें भांगा उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

राजू मोल्लाह भांगा उपजिला कृषक दल के संयुक्त संगठन सचिव थे। BNP के स्थानीय नेताओं ने अवामी लीग समर्थकों पर उनकी हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने शुरुआत में उनकी मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की थी।

सांसद के घर और पुलिस थाने को बनाया निशाना

हिंसा के दौरान गोपालगंज में BNP सांसद एसएम जिलानी के घर पर भी हमला किया गया और उसमें आग लगा दी गई। हमले के समय परिवार के सदस्यों को वहां से भागना पड़ा। इसके अलावा तुंगीपाड़ा पुलिस थाने को भी आग के हवाले कर दिया गया। BNP के एक स्थानीय कार्यालय और कई वाहनों को भी निशाना बनाया गया।

ढाका में भी अज्ञात उपद्रवियों ने चार बसों में आग लगा दी। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में देसी बम विस्फोटों की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

गृह मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने पर हमला करने, सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान वीडियो फुटेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग और तस्वीरों के आधार पर की जाएगी।

सरकार ने ढाका समेत देश के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं और वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के साथ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे में नहीं आने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *