26 माह से आंदोलन कर रहे ठगी पीड़ितों को नहीं मिला न्याय

  26 माह से आंदोलन कर रहे ठगी पीड़ितों को नहीं मिला न्याय
– पीजेपी ने सरकार से बड्स एक्ट-2019 के तहत भुगतान कराने की उठाई मांग
फोटो परिचय- राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते वक्ता।
एम ज़र्रेयाब खान अज़रा न्यूज फतेहपुर। चिटफंड कंपनियों में जमा धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग को लेकर पीड़ित जमाकर्ता परिवार (पीजेपी) का आंदोलन रविवार को 26 वें माह में प्रवेश कर गया। संगठन के बैनर तले नहर कालोनी परिसर में राष्ट्रीय संस्थापक सूरजदीन विश्वकर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में निवेशकों का करोड़ों रुपये विभिन्न कंपनियों में जमा है, लेकिन समय बीतने के बावजूद उन्हें उनकी जमा धनराशि का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि निवेशकों के हित में बनाए गए बड्स एक्ट-2019 का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर पीड़ित जमाकर्ताओं को उनका पैसा वापस दिलाया जाए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा कानून बनाए जाने के बावजूद यदि निवेशकों को उनकी जमा पूंजी वापस नहीं मिलती है तो कानून का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा।

संगठन ने सरकार से देशभर के पीड़ित निवेशकों के भुगतान की प्रक्रिया को तेज करने और दोषी कंपनियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की। अधिवेशन में यह भी निर्णय लिया गया कि जब तक निवेशकों को उनका भुगतान नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। अधिवेशन में अभिषेक प्रसाद, रामशरण दास, राकेश कुमार साहू, शिव बली प्रसाद, राजकुमार गुप्ता, अवधेश कुमार राजू, संजय विश्वकर्मा, डॉ. रामकरन, डॉ. रामस्वरूप वर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, संजीव कुमार, गोपाल प्रेमलाल, मोहम्मद कलीम, दीपक कुमार सैनी, जितेंद्र सिंह, लोकेश कुमार, हरिओम प्रजापति, बलरामचंद, राकेश कुमार चंद्रभूषण, हिमांशु सिंह, नरेंद्र कुमार, विद्या प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *