कालपी के गुरु के इटौरा में जलभराव से ग्रामीण परेशान, कीचड़ भरी सड़क बनी मुसीबत

  कालपी के गुरु के इटौरा में जलभराव से ग्रामीण परेशान, कीचड़ भरी सड़क बनी मुसीबत

महीनों से जल निकासी का इंतजाम नहीं, स्कूली बच्चों से लेकर राहगीरों तक की बढ़ी मुश्किलें

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़  कालपी (जालौन)। एक ओर विकसित भारत के निर्माण के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कालपी क्षेत्र के गुरु के इटौरा गांव में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव की मुख्य सड़क पर महीनों से पानी भरा होने के कारण रास्ता तालाब में तब्दील हो गया है।

जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने से राहगीरों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। कीचड़ के कारण ई-रिक्शा आए दिन पलटने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाली वैन अक्सर कीचड़ में फंस जाती हैं, जिसके चलते नौनिहालों को पानी में उतरकर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों और ब्लॉक प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांव में न तो नाली का निर्माण कराया गया और न ही पानी की निकासी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। लगातार बनी इस समस्या से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और सड़क को आवागमन के योग्य बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस समस्या पर कब ध्यान देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *