यमुना पुल से महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने नदी से निकालकर बचाई जान
यमुना पुल से महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने नदी से निकालकर बचाई जान
यमुना पुल से महिला ने लगाई छलांग, नाविकों ने नदी से निकालकर बचाई जान
संवाददाता दीपक धुरिया जालौन कालपी (जालौन)। शनिवार सुबह कालपी में यमुना नदी के पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। महिला को यमुना में गिरता देख घाट पर मौजूद नाविकों ने बिना देर किए नाव लेकर नदी में पहुंचकर उसे बाहर निकाल लिया।
नाविकों की तत्परता से महिला की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कदौरा विकासखंड क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला शनिवार सुबह करीब 10 बजे यमुना पुल पर पहुंची थी। कुछ देर बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद नाविक सक्रिय हो गए और तत्काल नाव लेकर घटनास्थल की ओर रवाना हुए। नाविकों ने काफी प्रयास के बाद महिला को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। महिला ने आखिर किन परिस्थितियों में यमुना नदी में छलांग लगाई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और महिला से पूछताछ के बाद घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।