कार-बाइक की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत, दो गंभीर

  शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार-बाइक की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौत, दो गंभीर

दीपक धुरिया अज़रा न्यूज़ जालौन-औरैया हाईवे पर बस्तेपुर के पास हुआ हादसा, शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक, घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

 शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक गुरुवार को कुठौंद थाना क्षेत्र के बस्तेपुर के पास हादसे का शिकार हो गई। जालौन-औरैया हाईवे पर बाइक और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार, औरैया जनपद के बिजलीघर मोहल्ला निवासी विजय कुमार (21) पुत्र कमलेश, अंकित (19) पुत्र संतोष कुमार और शिव (24) पुत्र कल्लू जालौन के ग्राम भिटारा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से बाइक पर सवार होकर तीनों युवक वापस अपने घर औरैया लौट रहे थे। इसी दौरान बस्तेपुर के नजदीक उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित और शिव की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी समारोह से लौटने की खुशी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर कुठौंद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *