बिजली व्यवस्था, पहले चरण में 3,500 उपभोक्ताओं ने किया रिचार्ज
बिजली व्यवस्था, पहले चरण में 3,500 उपभोक्ताओं ने किया रिचार्ज
स्मार्ट मीटर से बदली बिजली व्यवस्था, पहले चरण में 3,500 उपभोक्ताओं ने किया रिचार्ज दीपक धुरिया अजरा न्यूज़ जालौन कालपी (जालौन) — नगर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड भुगतान व्यवस्था लागू कर दी गई है। विद्युत विभाग द्वारा पहले चरण में कुल 6,800 घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 3,500 उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड रिचार्ज प्रणाली सक्रिय कर दी गई है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी अनुमानित विद्युत खपत के अनुसार अग्रिम रिचार्ज कराएं। प्रीपेड रिचार्ज कराने पर उपभोक्ताओं को दो प्रतिशत की छूट का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उपखंड कालपी क्षेत्र में कुल 22,078 विद्युत उपभोक्ता पंजीकृत हैं। स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी और सुगम विद्युत सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से अपनी बिजली खपत की रियल टाइम निगरानी कर सकते हैं। ऐप के जरिए मीटर रीडिंग, डिमांड, खपत विवरण, बकाया बिल देखने के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता कनेक्शन का लोड घटाने-बढ़ाने एवं अन्य सेवाओं के लिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं।
विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर से यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर ऐप डाउनलोड कर साइन-अप करें और डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर और प्रीपेड प्रणाली से न केवल बिजली की बचत को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बिलिंग में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं का समय व धन दोनों की बचत होगी।